मंदसौर, ललित शंकर धाकड़: सोमवार को मंदसौर रेलवे स्टेशन और गीता भवन अंडरब्रिज के बीच एक बड़ा हादसा टल गया। रेलवे का टॉवर वैगन अचानक पटरी से उतर गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गनीमत यह रही कि इस घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है और ट्रेनों के संचालन पर भी कोई असर नहीं पड़ा है।
शेड से निकलते ही पटरी से उतरा वैगन
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना उस वक्त घटित हुई जब टावर वैगन लूप लाइन पर स्थित वैगन शेड से निकलकर आगे की ओर बढ़ रहा था। शेड से महज 100 मीटर की दूरी तय करते ही वैगन के आगे के चार पहिये पटरी से नीचे उतर गए। अचानक हुए इस डिरेलमेंट की भनक लगते ही रेलवे महकमे में हड़कंप मच गया।
मौके पर पहुंचे रेलवे अधिकारी, तकनीकी टीम कर रही जांच
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय रेलवे अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद उन्होंने तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को इस हादसे की जानकारी दी। फिलहाल रेलवे की तकनीकी टीम डिरेलमेंट के कारणों का पता लगाने में जुट गई है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही हादसे की असली वजह सामने आ सकेगी।
यातायात रहा पूरी तरह सामान्य
राहत की बात यह रही कि यह दुर्घटना मुख्य लाइन के बजाय लूप लाइन पर हुई। इस वजह से किसी भी पैसेंजर ट्रेन या मालगाड़ी के परिचालन में कोई बाधा उत्पन्न नहीं हुई। समय रहते स्थिति को संभाल लिया गया जिससे रेल यातायात पूरी तरह सुचारू रूप से चलता रहा।














