आगर-मालवा। मध्य प्रदेश के आगर-मालवा जिले में स्थित प्रसिद्ध धार्मिक स्थल नलखेड़ा में 55 एकड़ क्षेत्र में भव्य ‘मां बगलामुखी देवी लोक’ का निर्माण होने जा रहा है। योजना के प्रथम चरण के अंतर्गत 85.40 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन आज प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव करेंगे। दस महाविद्याओं में से एक, लखुंदर नदी के किनारे विराजमान मां बगलामुखी मंदिर के इस कायाकल्प से नलखेड़ा में धार्मिक पर्यटन को अभूतपूर्व बढ़ावा मिलेगा और देश-विदेश से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध होंगी।


बगलामुखी देवी लोक की मुख्य विशेषताएं और वास्तुकला

देवी लोक में मुख्य मंदिर का निर्माण 2,800 वर्गमीटर क्षेत्र में किया जाएगा, जिसका भव्य शिखर 108 फीट ऊंचा होगा। परिसर में धार्मिक अनुष्ठानों और महायज्ञों के लिए विशेष रूप से 220 आधुनिक व सुसज्जित यज्ञशालाएं बनाई जाएंगी। परिसर में 625 वर्गमीटर क्षेत्र में एक विशाल गौशाला का निर्माण प्रस्तावित है। इसके साथ ही, दर्शन-पूजा के लिए आने वाले विशिष्ट अतिथियों के लिए एक वीवीआईपी (VVIP) भवन का निर्माण भी किया जाएगा। पूरे देवी लोक परिसर में सुरक्षा के लिए बाउंड्रीवॉल का निर्माण होगा और चार भव्य प्रवेश द्वार बनाए जाएंगे।


आधुनिक सुविधाएं: फसाड लाइटिंग से जगमगाएगा परिसर

देवी लोक को धार्मिक आस्था के साथ-साथ आधुनिक वास्तुकला के केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है: मंदिर और पूरे परिसर की बाहरी दीवारों व संरचनाओं को विशेष आर्टिफिशियल फसाड लाइटिंग से सजाया जाएगा, जिससे रात के समय इमारत की वास्तुशिल्प खूबसूरती निखर कर सामने आएगी। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए चारपहिया वाहनों और टूरिस्ट बसों के लिए पृथक-पृथक विशाल पार्किंग स्थल, सुंदर गार्डन और एडवांस्ड टॉयलेट कॉम्प्लेक्स तैयार किए जाएंगे। परिसर में चौबीसों घंटे निर्बाध जलापूर्ति, आधुनिक प्लंबिंग और आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए फायर ब्रिगेड की पुख्ता व्यवस्था मौजूद रहेगी।


प्रशासनिक तैयारियां पूरी

मुख्यमंत्री के आगमन और भूमिपूजन कार्यक्रम को भव्य रूप देने के लिए आगर-मालवा के कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना ने रविवार को स्वयं नलखेड़ा पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सुरक्षा, ट्रैफिक और श्रद्धालुओं के बैठने की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया।