छतरपुर। जिले की कुर्रा पंचायत में अवादा फाउंडेशन द्वारा महिला सशक्तिकरण और शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण पहल की गई। इसके तहत सिलाई एवं ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण केंद्र का शुभारंभ किया गया। साथ ही हाईस्कूल कुर्रा में विद्यार्थियों को स्कूल बैग वितरित कर शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित किया गया।

प्रशिक्षण केंद्र में स्वाति गुप्ता द्वारा ब्यूटी पार्लर तथा चंद चौधरी द्वारा सिलाई का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस पहल से क्षेत्र की महिलाओं और बच्चियों को हुनर सीखकर आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिलेगा। कार्यक्रम में कुल 37 बच्चियों एवं महिलाओं ने भाग लिया।

इसके बाद हाईस्कूल कुर्रा में आयोजित कार्यक्रम में अवादा फाउंडेशन की डायरेक्टर एवं सीएसआर हेड श्रीमती रितु पटवारी ने विद्यार्थियों को प्रेरणादायक संबोधन दिया और स्कूल बैग वितरित किए। उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा के महत्व के प्रति प्रोत्साहित किया।

इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य शिवनारायण अहिरवार, संस्था के नितिन सर, केशव सर सहित विद्यालय स्टाफ और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। अवादा फाउंडेशन की इन पहलों का उद्देश्य महिलाओं को कौशल प्रशिक्षण के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाना और विद्यार्थियों को शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करना है।