बिजावर। विधानसभा क्षेत्र बिजावर अंतर्गत ग्राम बक्सोई स्थित प्रसिद्ध बछरगाय मंदिर में विगत 14 वर्षों से अनवरत चल रही अखंड रामधुन का भव्य समापन होने जा रहा है। इस पावन अवसर पर 30, 31 अक्टूबर एवं 1 नवंबर को तीन दिवसीय श्री भक्तमाल कथा एवं भक्ति संगीत का विशाल धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किया गया है। इस भव्य धार्मिक आयोजन के संयोजक एवं निवेदक स्थानीय विधायक राजेश शुक्ला बबलू हैं।
कार्यक्रम के दौरान गोरीलाल कुंज, वृन्दावन के परम पूज्य रसिकाचार्य किशोरदास देव महाराज के पावन सानिध्य में श्रद्धालु तीन दिनों तक श्री भक्तमाल कथा का रसपान करेंगे। इसके साथ ही आयोजन में श्री रविशंकर महाराज रावतपुरा सरकार, बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री एवं राधा सर्वेश्वर पीठ गोवर्धन धाम पीठाधीश्वर चक्र सुदर्शनदास महाराज की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।
आयोजन के तहत प्रतिदिन शाम को विशेष भजन व भक्ति संगीत के कार्यक्रम संपन्न होंगे। पहले दिन 30 अक्टूबर को रसिक संत चित्र-विचित्र महाराज के सानिध्य में भक्ति संगीत कार्यक्रम प्रस्तुत किया जाएगा। इसके बाद 31 अक्टूबर को स्थानीय कलाकारों द्वारा भव्य भजन संध्या का आयोजन होगा। वहीं 1 नवंबर को देश की सुप्रसिद्ध भजन गायिका साध्वी पूर्णिमा दीदी अपनी सुमधुर आवाज में भजन भक्ति संगीत की प्रस्तुति देंगी।
तीन दिवसीय कथा और भक्ति अनुष्ठान की पूर्णाहूति के उपरांत 2 नवंबर को विशाल भंडारा एवं महाप्रसाद वितरण का आयोजन रखा गया है। क्षेत्रीय विधायक राजेश शुक्ला ने क्षेत्र के समस्त धर्मप्रेमी नागरिकों व श्रद्धालुओं से इस आध्यात्मिक महोत्सव में सपरिवार पहुंचकर धर्म लाभ अर्जित करने की अपील की है।

















