उज्जैन। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन (17 सितंबर) के अवसर पर मध्य प्रदेश में बड़े पैमाने पर दीपोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इसका सबसे मुख्य और भव्य केंद्र उज्जैन बना है, जहां अकेले जिले में 35 लाख मिट्टी के दीपक प्रज्ज्वलित किए जा रहे हैं। इनमें से 25 लाख दीप शिप्रा नदी के विभिन्न घाटों तथा श्री महाकाल लोक में और 10 लाख दीप सरकारी भवनों व हितग्राहियों के घरों में जलाए जाएंगे।


मध्य प्रदेश के अन्य प्रमुख शहरों में दीपोत्सव का आंकड़ा

इंदौर: 2.51 लाख दीप

मैहर: 4.86 लाख दीप

खजुराहो: 3.00 लाख दीप

अमरकंटक: 21 हजार दीप

जबलपुर: नर्मदा नदी के विभिन्न घाटों पर दीपोत्सव


उज्जैन में दीपोत्सव का मुख्य आकर्षण और तैयारियां

शाम 7 बजे शिप्रा के रामघाट पर 'आशीर्वाद का दीप' प्रज्ज्वलित कर और महाआरती के साथ दीपोत्सव की शुरुआत होगी। कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मौजूद रहेंगे।देश भर से पहुंचे 500 से अधिक कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। प्रसिद्ध कवि शैलेश लोढ़ा पीएम मोदी के कार्यकाल पर आधारित नरेशन प्रस्तुत करेंगे, जबकि युवाओं के लिए भजन जैमिंग का आयोजन रखा गया है। रामघाट, दत्त अखाड़ा, भूखी माता, केदारेश्वर घाट और महाकाल लोक क्षेत्र में दीप प्रज्वलन के लिए 26,000 स्वयंसेवकों को तैनात किया गया है। रामघाट पर 25 हजार से अधिक श्रद्धालुओं की भीड़ के अनुमान को देखते हुए दोपहर 12 बजे से जूना सोमवारिया, नृसिंहघाट और लालपुल मार्ग पर सामान्य यातायात प्रतिबंधित कर रूट डायवर्जन लागू किया गया है।


आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत का उज्जैन दौरा

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत भी गुरुवार को उज्जैन में रहेंगे। वे मालीपुरा स्थित अराधना भवन जाने के बाद शाम 6 बजे मनोरमा महाकाल गार्डन (कोयला फाटक) में संघ पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की बैठक लेंगे।


दीपोत्सव पर राहुल गांधी का तीखा हमला

उज्जैन और प्रदेशभर में जारी दीपोत्सव के बीच लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर राज्य सरकार पर तीखा राजनीतिक हमला बोला: राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि प्रदेश में 30 से अधिक आदिवासी बच्चों की बीमारी, कुपोषण और बुनियादी स्वास्थ्य सुविधाओं के अभाव में मौत हो चुकी है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, "मुख्यमंत्री जी, दीये जलाने और उत्सव मनाने से फुर्सत मिल गई हो तो ज़रा राज्य की ज़मीनी हालत भी देखिए।" अपने इंदौर दौरे से पहले राहुल गांधी ने मध्य प्रदेश सरकार को 'देश की सबसे भ्रष्ट और कुशासित सरकार' करार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था पूरी तरह बर्बाद हो चुकी है और जहरीली शराब व मिलावटी दवाइयां आम लोगों की जिंदगी तबाह कर रही हैं।