भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद वीडी शर्मा ने गुरुवार को भोपाल के पांच नंबर स्थित पार्क में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर चलाए जा रहे "मां के नाम एक पेड़" अभियान के तहत पौधा रोपित किया और लोगों से भी अधिक से अधिक वृक्ष लगाने की अपील की। इस अवसर पर पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी भी मौजूद रहे। दोनों नेताओं ने पौधारोपण कर पर्यावरण संतुलन बनाए रखने तथा हरियाली बढ़ाने के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि वृक्ष न केवल पर्यावरण को शुद्ध बनाते हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए भी स्वच्छ और सुरक्षित भविष्य सुनिश्चित करते हैं।
कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ताओं, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों एवं स्थानीय नागरिकों ने भी सहभागिता की। उपस्थित लोगों ने पौधों के संरक्षण और नियमित देखभाल का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए प्रत्येक नागरिक को वृक्षारोपण अभियान से जुड़ना चाहिए। वृक्षारोपण कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति संवर्धन को लेकर जागरूकता का संदेश भी दिया गया। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने अभियान को जन-आंदोलन बनाने का संकल्प लेते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने की बात कही।


