शाजापुर। मध्य प्रदेश के शाजापुर जिले स्थित शुजालपुर मंडी निवासी 23 वर्षीय युवक ने बिहार के बगहा पहुंचकर अपनी प्रेमिका के घर जहर खाकर जान दे दी। मृतक की पहचान शेखर राठौर के रूप में हुई है। शेखर मंगलवार शाम को करीब 1,121 किलोमीटर का सफर तय कर अपनी तलाकशुदा प्रेमिका से मिलने उसके घर पहुंचा था। वहां जब महिला ने शादी करने से साफ इनकार कर दिया, तो आवेश में आकर उसने अपनी जेब से जहरीले पदार्थ की शीशी निकाली और गटक लिया। गंभीर हालत में अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।


फेसबुक पर हुई थी दोस्ती, 2 साल से चल रहा था प्रेम प्रसंग

जानकारी के अनुसार, शेखर राठौर की करीब दो वर्ष पूर्व बगहा के डीह डोमवलिया निवासी प्रीति कुमारी से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक के जरिए पहचान हुई थी। चैटिंग के बाद दोनों ने मोबाइल नंबर साझा किए और बातचीत का सिलसिला गहराते हुए प्यार में बदल गया। प्रीति पहले से तलाकशुदा है और उसकी दो बेटियां हैं। शेखर इससे पहले भी एक बार प्रीति से मिलने बिहार के बगहा आ चुका था और दोनों ने पूर्व में विवाह करने का विचार भी बनाया था।


विवाद और शादी से इनकार के बाद घर में उठाया आत्मघाती कदम

प्रीति ने पुलिस पूछताछ में बताया कि पिछले कुछ समय से शेखर के व्यवहार में काफी बदलाव आ गया था और वह उसे मानसिक रूप से परेशान (टॉर्चर) करने लगा था। इसी कारण उसने शेखर से विवाह करने से स्पष्ट मना कर दिया था, लेकिन शेखर लगातार शादी का दबाव बना रहा था। मंगलवार शाम जब प्रीति अपनी दोनों बेटियों के साथ घर पर थी, तभी शेखर अचानक वहां पहुंच गया। घर में घुसते ही उसने प्रीति से उसका मोबाइल मांगा। जब प्रीति ने फोन देने से इनकार किया, तो शेखर ने अचानक जेब से जहर की शीशी निकालकर पी ली।


कमरा अंदर से किया बंद, पुलिस ने दरवाजा तोड़कर अस्पताल पहुंचाया

जहर पीने के बाद प्रीति मदद के लिए बाहर भागी और पड़ोसियों को सूचना दी। इसी बीच शेखर ने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। काफी समझाने के बावजूद जब उसने दरवाजा नहीं खोला, तो डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने दरवाजा खोलकर अचेत पड़े शेखर को तत्काल बगहा अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर विनय कुमार ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए उसे गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (GMCH) बेतिया रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।


पुलिस ने परिजनों को दी सूचना, महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ जारी

बगहा एसडीपीओ निहार भूषण ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मृतक युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मध्य प्रदेश के शाजापुर में उसके परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने संबंधित महिला को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है और पूरे घटनाक्रम की गहन जांच की जा रही है।