इंदौर, रविकांत वर्मा। मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में गुरुवार रात एक बड़ी लूट की वारदात सामने आई है। पंढरीनाथ थाना क्षेत्र में बर्तन व्यापारियों से कलेक्शन कर लौट रहे एक एजेंट से करीब 30 लाख रुपये लूटकर दो बदमाश फरार हो गए। घटना ऐसे समय हुई है जब शहर में ब्रिक्स सम्मेलन का आयोजन चल रहा है और विभिन्न देशों के प्रतिनिधियों की सुरक्षा व्यवस्था में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात है।


जानकारी के अनुसार, कलेक्शन एजेंट मुकेश अग्रवाल बर्तन बाजार और मोहनपुरा क्षेत्र के व्यापारियों से नगदी संग्रह कर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान एक्टिवा सवार दो बदमाशों ने उन्हें रास्ते में रोक लिया। आरोपियों ने पहले उनसे बातचीत की और फिर धमकाते हुए पैसों से भरा बैग छीनकर फरार हो गए।


पूरी घटना आसपास लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई है। फुटेज में एक आरोपी पीड़ित की स्कूटी पर बैठा दिखाई दे रहा है, जबकि दूसरा अपनी एक्टिवा से उसके पीछे चलता नजर आ रहा है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी हुई है।


घटना के बाद मुकेश अग्रवाल ने पंढरीनाथ थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों की तलाश के लिए तीन थानों की पुलिस को लगाया गया है तथा आसपास के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि करीब 25 पुलिसकर्मी बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं। देर रात दो बजे तक पुलिस अधिकारी थाने में मौजूद रहे और आरोपियों के भागने के संभावित मार्गों की पड़ताल करते रहे। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा कर रही है।