मुंबई। गायक कुमार सानू हिंदी सिनेमा में अपनी सुरीली, रोमांटिक और भावपूर्ण आवाज के साथ-साथ शानदार मजाकिया अंदाज के लिए भी जाने जाते हैं। गायक का कहना है कि रिकॉर्डिंग या स्टेज शो के दौरान वह माहौल को हल्का और तनावमुक्त रखने के लिए मजाक करते हैं ताकि डर और घबराहट दूर हो सके।कुमार सानू ने आईएएनएस के साथ बातचीत में बताया कि वह डर से किस तरह से निपटते हैं। उन्होंने कहा, "मैं बहुत मजाक करता हूं। लोग मुझसे कहते हैं कि आपका सेंस ऑफ ह्यूमर बहुत अच्छा है और आप बहुत मजाक करते हैं और अच्छी कॉमेडी करते हैं, तो मैंने इसका ध्यान रखा था।"
उन्होंने आगे कहा, "मैं शुरू से ही अपने दोस्तों के साथ बहुत मजाक करता था और माहौल को बहुत आसान बना देता था। साथ ही, मैं किसी अनजान व्यक्ति को भी नॉर्मल कर देता था, जिससे वह थोड़ा सहज हो जाए। मजाक करके मैं माहौल बना देता था और फिर रिकॉर्डिंग करता था।"
गायक का मानना है कि मजाकिया अंदाज ही उनका हथियार है, जिससे वो कमरे में मौजूद सभी लोगों को सहज कर देते हैं और ऐसा वह पिछले चार दशकों से ऐसा करते आ रहे हैं। उन्होंने आगे कहा, "मैं माहौल को बहुत आसान बना देता था और फिर रिकॉर्डिंग करता था, क्योंकि हर दिन अलग-अलग तरह के डर और चीजें होती थीं, लेकिन मेरा तरीका हमेशा यही रहता था। पहले मजाक करना और फिर गाना गाना। तो मैं अब तक वही करता आ रहा हूं।"
गायक कुमार सानू ने हाल ही में सनी देओल-स्टारर फिल्म 'सूर्या: अंत से आरंभ तक' का पहला गाना 'सुनियो जरा' अपने प्रिय मित्र-गायक उदित नारायण और अनुपम आमोद के साथ मिलकर गाया है। इस गीत के जरिए कुमार सानू और उदित नारायण की जोड़ी पूरे 21 साल बाद किसी फिल्म में एक साथ लौटी है। इससे पहले दोनों ने आखिरी बार साल 2005 की फिल्म 'नो एंट्री' में साथ गाया था। इस गाने का संगीत राही ने तैयार किया है और इसके बोल प्रिया सरैया ने लिखे हैं।
















