भोपाल। ख्याति जैन की संदिग्ध मौत के मामले में 25 दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस जांच किसी ठोस निष्कर्ष तक नहीं पहुंच सकी है। मामले में अब एक नया सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें तनिष ख्याति के घर में दाखिल होता दिखाई दे रहा है। परिवार ने इस वीडियो को जांच का महत्वपूर्ण साक्ष्य बताते हुए निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की मांग की है। जानकारी के अनुसार, ख्याति जैन की मौत के बाद पुलिस ने विभिन्न पहलुओं पर जांच शुरू की थी, लेकिन अब तक न तो मौत के कारणों को लेकर स्पष्ट स्थिति सामने आई है और न ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचा जा सका है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में साइबर रिपोर्ट और बिसरा जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिनके मिलने के बाद जांच को आगे बढ़ाया जाएगा।
इधर, मृतका के परिजनों का आरोप है कि जांच की गति बेहद धीमी है। उनका कहना है कि सामने आए सीसीटीवी फुटेज को गंभीरता से जांच में शामिल किया जाना चाहिए। परिवार ने मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर जल्द से जल्द सच्चाई सामने लाई जाए, ताकि ख्याति को न्याय मिल सके। पुलिस का कहना है कि सभी उपलब्ध साक्ष्यों और तकनीकी रिपोर्टों के आधार पर जांच की जा रही है तथा रिपोर्ट प्राप्त होते ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे मामले पर सभी की नजरें जांच एजेंसियों की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।

