छतरपुर। केन-बेतवा लिंक परियोजना से प्रभावित विस्थापितों के आंदोलन की अगुवाई कर रहे समाजसेवी अमित भटनागर को अजयगढ़ न्यायालय से जमानत मिल गई है। उनकी जमानत मंजूर होने की खबर सामने आते ही समर्थकों और आंदोलन से जुड़े लोगों में खुशी का माहौल देखा गया।


बताया जा रहा है कि परियोजना से प्रभावित ग्रामीणों और विस्थापित परिवारों के अधिकारों को लेकर लंबे समय से आंदोलन चल रहा है, जिसमें अमित भटनागर सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। हाल ही में दर्ज प्रकरण के बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया गया था, जहां सुनवाई के दौरान पक्ष-विपक्ष की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने उन्हें जमानत प्रदान कर दी।


समर्थकों का कहना है कि विस्थापितों की आवाज उठाने के कारण उन्हें परेशान किया जा रहा था, जबकि प्रशासनिक पक्ष का कहना है कि कार्रवाई कानून व्यवस्था के तहत की गई।


जमानत मिलने के बाद आंदोलन से जुड़े लोगों ने न्यायपालिका पर विश्वास जताते हुए कहा कि विस्थापितों के हक की लड़ाई आगे भी जारी रहेगी।