मुंबई। अभिनेत्री करीना कपूर खान एक बार फिर विवादों में घिरी नजर आ रही हैं। दरअसल, अभिनेत्री ने दीपावली के शुभ अवसर पर शाही लुक अपनाया था, जिसमें उन्होंने 200 साल पुराना एक बेशकीमती पेंडेंट (30 कैरेट का पन्ना जड़ा हार) पहना था, जिस पर कुरान की आयतें लिखी हैं। कांग्रेस नेता अब्बास हफीज ने उन्हें कानूनी नोटिस भेजा है और मुस्लिम समुदाय से माफी मांगने की मांग की है।

अब्बास हफीज का कहना है कि कुरान की आयत वाले धार्मिक आभूषण को फैशन एक्सेसरी के तौर पर पहनना और प्रदर्शित करना मुस्लिम समुदाय की धार्मिक भावनाओं को आहत करता है। उन्होंने सोशल मीडिया से संबंधित तस्वीरें और वीडियो हटाने तथा सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की है।

उन्होंने मीडिया से बातचीत में बयान जारी करते हुए कहा, "हमें इस बात से आपत्ति है कि भोपाल की बेगम का पेंडेंट इस्लामिक हैरिटेज से जुड़ा रहा है। इस पर कुरान की आयतें लिखी हैं, जिसे 'आयत-उल-कुर्सी' कहते हैं। हमारे लिए यह बहुत पवित्र होती है और हम लोग उसे बिना वुजू (पवित्रता) के नहीं छूते हैं।"

अब्बास हफीज ने साफ किया कि उन्हें अभिनेत्री करीना के पहनावे से कोई आपत्ति नहीं है। उन्होंने कहा, "हमें किसी के पहनावे से कोई आपत्ति नहीं है और न ही ये कोई विवाद है बल्कि हमें इससे आपत्ति है कि अभिनेत्री करीना कपूर खान दीपावली पर यह पेंडेंट पहनकर फ्लॉन्ट कर रही हैं। देखिए, ये भोपाल का तारीखी पेंडेंट है, जो इस्लाम में हैरिटेज से जुड़ा है। इसको फैशन परेड के लिए इस्तेमाल नहीं किया जा सकता है।"

उन्होंने कहा, "उन्होंने अपने लुक पर कलगी लगाई है, हमने उस पर कोई आपत्ति नहीं जताई है लेकिन पेंडेंट पर कुरान की आयत है। उसको लिबाज में, पहनना सही नहीं है। भोपाल की बेगम पर्दे में रहती थी और इस पेंडेंट को आस्था के लिए बनाया गया था।"

हालांकि, इस नोटिस पर करीना कपूर खान या उनकी टीम की तरफ से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। अब देखना होगा कि अभिनेत्री करीना या उनकी टीम की तरफ से क्या बयान सामने आएगा।