गुनौर, जीतेन्द्र रजक । जिले में संचालित जे.के. सीमेंट कंपनी के भारी-भरकम ट्रालों के कारण सिमरिया-अमानगंज मुख्य मार्ग पर आए दिन जाम की स्थिति निर्मित हो रही है। सड़क पर घंटों तक वाहनों की लंबी कतारें लगी रहती हैं, जिससे आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सबसे अधिक दिक्कत स्कूल जाने वाले छात्र-छात्राओं, मरीजों, कर्मचारियों एवं दैनिक यात्रियों को हो रही है, जिन्हें समय पर अपने गंतव्य तक पहुंचने में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है।


स्थानीय लोगों का आरोप है कि सीमेंट कंपनी के ट्राले सड़क पर अव्यवस्थित तरीके से खड़े किए जाते हैं और उनका संचालन भी यातायात नियमों के अनुरूप नहीं हो रहा है। इसके चलते सड़क पर यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो जाती है। कई बार एम्बुलेंस सहित आवश्यक सेवाओं के वाहन भी जाम में फंस जाते हैं, जिससे गंभीर परिस्थितियां उत्पन्न होने का खतरा बना रहता है।


ग्रामीणों एवं वाहन चालकों का कहना है कि यह समस्या नई नहीं है, बल्कि लंबे समय से बनी हुई है। इसके बावजूद प्रशासन एवं यातायात विभाग द्वारा अब तक कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया है। लोगों का आरोप है कि यदि समय रहते उचित व्यवस्था बनाई जाती तो क्षेत्रवासियों को इस तरह की परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ता।


क्षेत्र के नागरिकों ने प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब मुख्य मार्ग पर प्रतिदिन जाम की स्थिति बन रही है और लोगों का समय तथा धन दोनों बर्बाद हो रहे हैं, तब भी जिम्मेदार अधिकारी समस्या के समाधान के लिए गंभीर नजर नहीं आ रहे हैं। इससे आमजन में नाराजगी बढ़ती जा रही है।


क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि जे.के. सीमेंट कंपनी के ट्रालों के आवागमन के लिए अलग व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा यातायात सुचारू बनाए रखने के लिए ठोस एवं स्थायी समाधान निकाला जाए। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्या का निराकरण नहीं किया गया तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।