छतरपुर, संदीप यादव। महाराजपुर थाना क्षेत्र में गढ़ीमलहरा और महाराजपुर के बीच स्थित कुम्हेड़ नदी पेट्रोल पंप के सामने विद्युत ट्रांसफार्मर के पास देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हादसे में बाइक सवार 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसके साथ बैठा दोस्त मामूली रूप से घायल हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना रात करीब 1 बजे की बताई जा रही है। महाराजपुर के कैमाहा मार्ग निवासी राजुल चौरसिया पिता शारदा प्रसाद चौरसिया उम्र 20 वर्ष अपने दोस्तों के साथ छतरपुर में आयोजित जलविहार मेला देखने गया था। मेला देखकर वापस घर लौटते समय कुम्हेड़ नदी के पास उसकी नई पल्सर मोटरसाइकिल विद्युत ट्रांसफार्मर से टकरा गई।

बाइक पर राजुल के साथ नीरज बैठा हुआ था। हादसे में राजुल गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि नीरज के मुंह में मामूली चोट आई। उनके पीछे दूसरी बाइक से संदीप एवं तरुण चौरसिया भी आ रहे थे।


घटना के बाद नीरज ने थाने पहुंचकर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई की। घायल राजुल को डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

तीन बहनों का इकलौता भाई था राजुल

इस हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार राजुल अपने परिवार में तीन बहनों का इकलौता भाई था। महज 20 वर्ष की उम्र में उसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। जिस घर में कुछ समय पहले तक खुशियां थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है। राजुल की मौत की खबर से परिजनों और परिचितों में शोक की लहर है।