भोपाल, जीतेन्द्र यादव: कांग्रेस नेता राहुल गांधी के कथित फोन टैपिंग मामले ने अब तूल पकड़ लिया है। इस मुद्दे को लेकर भोपाल में महिला कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया और केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ अपनी नाराजगी जताई। महिला कांग्रेस ने फोन टैपिंग को आम नागरिकों की निजी स्वतंत्रता और निजता पर सीधा खतरा करार दिया है।

प्रदर्शन के दौरान महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष रीना बौरासी ने तीखे सवाल उठाते हुए कहा कि यदि राहुल गांधी जैसे बड़े नेता का फोन टैप किया जा सकता है, तो देश की आम महिलाओं के फोन की सुरक्षा पर भी बड़ा सवालिया निशान खड़ा होता है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी हमेशा महिलाओं के अधिकारों और उनके हितों की मुखर आवाज उठाते हैं, ऐसे में मोदी सरकार को उनकी इस आवाज से क्या परेशानी हो रही है? रीना बौरासी ने आशंका जताई कि क्या राहुल गांधी के फोन में ऐसे कोई अहम सबूत मौजूद हैं, जिनके सामने आने के डर से उनकी जासूसी कराई जा रही है।

महिला कांग्रेस ने इस पूरे मामले में केंद्र सरकार से स्पष्ट जवाब की मांग की है और फोन टैपिंग को सीधे तौर पर देश के लोकतांत्रिक अधिकारों पर हमला बताया है।