धर्मशाला, 12 मई । आईपीएल 2026 के 55वें मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) को 3 विकेट से हराया। जीत के साथ ही डीसी ने अंक तालिका में एक पायदान की छलांग लगाई है और अब टीम सातवें स्थान पर पहुंच गई है। डीसी के अब 12 मुकाबलों में 10 प्वाइंट हो गए हैं।वहीं, लगातार चौथी हार के बाद भी पीबीकेएस चौथे स्थान पर बनी हुई है। अंक तालिका में नंबर एक की कुर्सी पर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) का कब्जा बरकरार है। 11 मुकाबलों में आरसीबी के 14 प्वाइंट हैं। वहीं, सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) 14 प्वाइंट के साथ दूसरे स्थान पर काबिज है। गुजरात टाइटंस के भी 14 प्वाइंट हैं और वह अंक तालिका में तीसरे स्थान पर मौजूद है।

चेन्नई सुपर किंग्स 11 मुकाबलों में 12 प्वाइंट लेकर अंक तालिका में पांचवें नंबर पर काबिज है। राजस्थान रॉयल्स के भी 12 प्वाइंट हैं और वह छठे नंबर पर है। कोलकाता नाइट राइडर्स भी प्लेऑफ की रेस में बनी हुई है और टीम के अभी 10 मुकाबलों में 9 प्वाइंट हैं। मुंबई इंडियंस और लखनऊ सुपर जायंट्स पहले ही प्लेऑफ की रेस से बाहर हो चुके हैं।

पंजाब किंग्स ने हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट गंवाकर स्कोरबोर्ड पर 210 रन लगाए। टीम की तरफ से श्रेयस अय्यर ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 36 गेंदों में 59 रनों की नाबाद पारी खेली। वहीं, प्रियांश आर्या ने 33 गेंदों में 2 चौके और 6 छक्कों की मदद से 56 रन बनाए। कूपर कोनोली ने 27 गेंदों में 38 रनों का योगदान दिया। वहीं, सूर्यांश शेडगे ने 8 गेंदों में नाबाद 21 रन बनाए।

हालांकि, दिल्ली कैपिटल्स ने 211 रनों के लक्ष्य को 19 ओवर में 7 विकेट खोकर हासिल कर लिया। डीसी की तरफ से अक्षर पटेल ने 30 गेंदों में 56 रनों की दमदार पारी खेली। वहीं, डेविड मिलर ने ताबड़तोड़ अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 28 गेंदों में 3 चौके और 4 छक्कों की मदद से 51 रन बनाए। आशुतोष शर्मा ने 10 गेंदों में 24 रन बनाए। अंत के ओवरों में माधव तिवारी ने 8 गेंदों में नाबाद 18 रन बनाए, तो आकिब नबी डार ने 2 गेंदों में 10 रन बनाकर डीसी को 3 विकेट से जीत दिलाई।