नई दिल्ली, 8 अप्रैल । इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के 14वें मुकाबले में कप्तान शुभमन गिल, वाशिंगटन सुंदर और जोस बटलर की अर्धशतकीय पारियों की मदद से गुजरात टाइटंस (जीटी) ने बुधवार को दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) के विरुद्ध जीत के लिए 211 रन का टारगेट रखा है।

दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान अक्षर पटेल ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया। इस टीम को महज 2.1 ओवर में साई सुदर्शन (12) के रूप में पहला झटका लगा। उस समय तक टीम के खाते में सिर्फ 19 रन जुड़े थे।

इसके बाद कप्तान शुभमन गिल ने जोस बटलर के साथ दूसरे विकेट के लिए 32 गेंदों में 60 रन की साझेदारी की। बटलर 27 गेंदों में 5 छक्कों और 3 चौकों के साथ 52 रन बनाकर आउट हुए।

यहां से कप्तान गिल ने वाशिंगटन सुंदर के साथ मोर्चा संभाला। दोनों खिलाड़ियों ने 60 गेंदों में 104 रन की साझेदारी की। कप्तान गिल 45 गेंदों में 5 छक्कों और 4 चौकों के साथ 70 रन बनाकर पवेलियन लौटे। वाशिंगटन सुंदर ने 32 गेंदों में 2 छक्कों और 6 चौकों के साथ 55 रन बनाए। दिल्ली कैपिटल्स की ओर से मुकेश कुमार ने सर्वाधिक 2 विकेट निकाले, जबकि लुंगी एनगिडी और कुलदीप यादव ने 1-1 विकेट हासिल किया।

इस मुकाबले के लिए डीसी ने अपनी प्लेइंग इलेवन में कोई फेरबदल नहीं किया है, जबकि जीटी एक बदलाव के साथ इस मैच में उतरी है। कप्तान गिल ने वापसी की है, जिसकी वजह से कुमार कुशाग्र को बाहर बैठना पड़ा है।

दिल्ली कैपिटल्स इस मुकाबले को अपने नाम करते हुए जीत की हैट्रिक लगाना चाहेगी। इस टीम ने लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) के खिलाफ पहला मैच 6 विकेट से जीतने के बाद मुंबई इंडियंस (एमआई) के विरुद्ध इतने ही अंतर से मुकाबला अपने नाम किया था।

दूसरी ओर, गुजरात टाइटंस को जीत का खाता खोलने की उम्मीद है। इस टीम को पंजाब किंग्स (पीबीकेस) के विरुद्ध 3 विकेट से हार का सामना करना पड़ा था। इसके बाद पीबीकेएस ने राजस्थान रॉयल्स (आरआर) के विरुद्ध 6 रन से मुकाबला गंवा दिया।

गुजरात टाइटंस की प्लेइंग इलेवन: शुभमन गिल (कप्तान), साई सुदर्शन, जोस बटलर (विकेटकीपर), वाशिंगटन सुंदर, ग्लेन फिलिप्स, शाहरुख खान, राहुल तेवतिया, राशिद खान, कैगिसो रबाडा, मोहम्मद सिराज, अशोक शर्मा।

दिल्ली कैपिटल्स की प्लेइंग इलेवन: केएल राहुल (विकेटकीपर), पथुम निसांका, नितीश राणा, विप्रज निगम, अक्षर पटेल (कप्तान), डेविड मिलर, ट्रिस्टन स्टब्स, कुलदीप यादव, लुंगी एनगिडी, टी नटराजन, मुकेश कुमार।