हैदराबाद। भारत और वेस्टइंडीज के बीच चौथा टी20 इंटरनेशनल मुकाबला हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है। भारत के कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। टीम इंडिया ने चौथे टी20 के लिए भी अपनी प्लेइंग इलेवन में कोई बदलाव नहीं किया है। टॉस जीतने के बाद कप्तान अय्यर ने कहा, "हम पहले गेंदबाजी करेंगे। इसकी एक बड़ी वजह नई बनाई गई पिच है। हम पहले भी ऐसी पिचों पर खेल चुके हैं। पिच बहुत सख्त है, इसलिए गेंद में उछाल भी देखने को मिलेगा। हम जानते हैं कि वेस्टइंडीज की टीम कितनी खतरनाक हो सकती है, इसलिए हम लापरवाही नहीं बरत सकते। पिछले मैच में हमने जिस तरह का जज्बा दिखाया, वह बहुत अच्छा था। हमारी प्लेइंग इलेवन में कोई बदलाव नहीं है।"

टॉस हारने के बाद वेस्टइंडीज के कप्तान शाई होप ने कहा, "हम भी फील्डिंग ही चुनते। यह मैच जीतना बहुत जरूरी है, इसलिए हमें वापसी करनी होगी। हमें एक अच्छी शुरुआत चाहिए और यह साफ होना चाहिए कि हम कैसे खेलना चाहते हैं। देखते हैं क्या होता है, सब अच्छा लग रहा है। खुले दिमाग से खेलना होगा। हमारी टीम में दो बदलाव हैं - पूरन और क्वेंटिन सैम्पसन बाहर हैं और उनकी जगह पर रोमारियो शेफर्ड और ज्वेल एंड्रयू टीम में आए हैं।"

भारतीय टीम का प्रदर्शन तीसरे टी20 में शानदार रहा था। भारतीय टीम का बल्लेबाजी क्रम इस सीरीज में अच्छी फॉर्म में नजर आया। अभिषेक शर्मा ने तीसरे टी20 में 30 गेंदों में 69 रनों की दमदार पारी खेली थी। वहीं, तिलक वर्मा और ईशान किशन भी बेहतरीन लय में दिखाई दिए थे। संजू सैमसन ने दूसरे टी20 में 82 रनों की शानदार पारी खेली थी। अक्षर पटेल और नीतीश कुमार रेड्डी ने भी अंत के ओवरों में बल्ले से अहम योगदान दिया था। हालांकि, टीम अपने गेंदबाजों से जरूर बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद करेगी। तीसरे टी20 में अर्शदीप सिंह असरदार रहे थे और उन्होंने 3 विकेट चटकाए थे।

दूसरी ओर, वेस्टइंडीज ने इस टी20 सीरीज में भारत को कड़ी टक्कर दी है। दूसरे टी20 में 250 रनों के लक्ष्य को सफलतापूर्वक चेज करने के बाद तीसरे टी20 में भी कैरेबियाई बल्लेबाज 224 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए 209 रन बनाने में सफल रहे थे। शाई होप और शेरफेन रदरफोर्ड इस सीरीज में कमाल की लय में दिखाई दिए हैं। वहीं, आखिरी टी20 में हेटमायर भी अच्छी लय में दिखाई दिए थे। रोस्टन चेज को छोड़कर वेस्टइंडीज के बाकी गेंदबाज रनों पर लगाम लगाने में नाकाम रहे हैं।

भारत की प्लेइंग इलेवन: संजू सैमसन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, नमन धीर, नीतीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव और मयंक यादव।

वेस्टइंडीज की प्लेइंग इलेवन: शाई होप (विकेटकीपर/कप्तान), ज्वेल एंड्रयू, शिमरोन हेटमायर, रोवमैन पॉवेल, शेरफेन रदरफोर्ड, रोमारियो शेफर्ड, रोस्टन चेज, कीमो पॉल, शमर स्प्रिंगर, गुडाकेश मोटी और शमर जोसेफ।