नई दिल्ली। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में स्थित सोमैया विद्याविहार यूनिवर्सिटी एफआईएसयू वर्ल्ड यूनिवर्सिटी स्क्वैश चैंपियनशिप 2026 की मेजबानी करेगी। 3 से 9 अगस्त तक इस प्रतियोगिता में 14 देशों के स्टूडेंट-एथलीट हिस्सा लेंगे।

मेजबान भारत के अलावा, इस चैंपियनशिप में सिंगापुर, हांगकांग (चीन), चेक गणराज्य, फ्रांस, स्पेन, हंगरी, न्यूजीलैंड, ग्रेट ब्रिटेन, ब्राजील, स्विट्जरलैंड, पोलैंड, साउथ अफ्रीका और चीन हिस्सा लेंगे।

सोमैया विद्याविहार विश्वविद्यालय, एसोसिएशन ऑफ इंडियन यूनिवर्सिटीज (एआईयू) के सहयोग से और इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी स्पोर्ट्स फेडरेशन (एफआईएसयू) के तत्वावधान में इस चैंपियनशिप का आयोजन करेगा। इस प्रतियोगिता में विश्व स्क्वैश महासंघ (डब्ल्यूएसएफ) से प्रमाणित पांच कोर्ट पर मुकाबले खेले जाएंगे।

भारत छह खिलाड़ियों की टीम उतारेगा। इस टीम में सोमैया विद्याविहार यूनिवर्सिटी से सूरज चंद, ओम सेमवाल और निरुपमा दुबे होंगे, जबकि मद्रास यूनिवर्सिटी से संदेश पीआर और पूजा आरती शामिल होंगी। एसआरएम यूनिवर्सिटी से शमीना रियाज भी भारतीय दल का हिस्सा हैं। सूरज चंद जापान में होने वाले एशियन गेम्स 2026 में मिक्स्ड डबल्स इवेंट में भी भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।

यह चैंपियनशिप ऐसे समय में हो रही है जब एफआईएसयू वर्ल्ड यूनिवर्सिटी गेम्स 2023 में भारत के रिकॉर्ड 26 मेडल जीतने के बाद देश में यूनिवर्सिटी स्पोर्ट्स को बढ़ावा मिल रहा है।

एसोसिएशन ऑफ इंडियन यूनिवर्सिटीज के सेक्रेटरी जनरल पंकज मित्तल ने कहा, "एसोसिएशन ऑफ इंडियन यूनिवर्सिटीज को इस बात पर गर्व है कि वह मुंबई की सोमैया विद्याविहार यूनिवर्सिटी का समर्थन कर रही है, जो इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी स्पोर्ट्स फेडरेशन (एफआईएसयू) के साथ मिलकर एफआईएसयू वर्ल्ड यूनिवर्सिटी स्क्वैश चैंपियनशिप 2026 की मेजबानी कर रही है। यह अहम चैंपियनशिप इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी स्पोर्ट्स में भारत की बढ़ती पहचान को दिखाती है और युवा सशक्तिकरण और खेल में उत्कृष्टता के प्रति भारत सरकार के दूरदर्शी नेतृत्व और अटूट प्रतिबद्धता का सबूत है। मैं सभी प्रतिभागियों की सफलता की कामना करता हूं और उम्मीद करता हूं कि यह चैंपियनशिप उत्कृष्टता, एकता और युवाओं के अटूट जज्बे का उत्सव बनेगी।"

एफआईएसयू के सेक्रेटरी जनरल और सीईओ मैथियास रेमुंड ने आयोजकों की सफल चैंपियनशिप आयोजित करने की क्षमता पर भरोसा जताते हुए कहा, "हमें बहुत खुशी है कि एफआईएसयू वर्ल्ड यूनिवर्सिटी चैंपियनशिप स्क्वैश भारत लौट रही है। मुझे भरोसा है कि एसोसिएशन ऑफ इंडियन यूनिवर्सिटीज और सोमैया विद्याविहार यूनिवर्सिटी एक आकर्षक, अनोखा और यादगार इवेंट आयोजित करेंगे, जो भारत और उसके बाहर यूनिवर्सिटी स्पोर्ट्स मूवमेंट के विकास में अहम भूमिका निभाएगा।"