चंडीगढ़। पंजाब में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने रविवार को दिवाली और बंदी छोड़ दिवस के मौके पर पार्टी के प्रदेश कार्यालय में विशेष दीये जलाए। ये दीये उन युवाओं की याद में जलाए गए, जिन्होंने नशीले पदार्थों की लत के कारण अपनी जान गंवा दी। इसके जरिए राज्य में नशे की बढ़ती समस्या पर चिंता जताई गई।
पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने इस कार्यक्रम में हिस्सा लिया और दीये जलाए। इनमें से कुछ दीये विशेष रूप से उन युवाओं को समर्पित थे, जो नशे की लत का शिकार हो गए।
यह प्रतीकात्मक कदम उन परिवारों के प्रति भी एक श्रद्धांजलि थी, जिनकी जिंदगी नशे की वजह से बर्बाद हो गई है, खासकर उन माताओं के लिए जिन्होंने अपने बेटे खो दिए, और उन बहनों के लिए जिन्होंने अपने भाई खो दिए।
पार्टी ने कहा कि यह पहल उन परिवारों को समर्पित है जिनके घरों के चिराग नशे की समस्या के कारण बुझ गए हैं। इसके जरिए उन परिवारों को याद किया गया, जो अपनों को खोने के उस गहरे और कभी न भर पाने वाले दुख से जूझ रहे हैं।
इस अवसर पर, ढिल्लों ने पंजाब को नशीले पदार्थों की समस्या से मुक्त कराने के लिए प्रार्थना की और उम्मीद जताई कि राज्य के हर घर में शांति, समृद्धि और खुशहाली वापस आएगी।
भाजपा ने 'बंदी छोड़ दिवस' के अवसर को नशीले पदार्थों की लत के खिलाफ लड़ने के अपने संकल्प से भी जोड़ा।
यह त्योहार सिखों के छठे गुरु, श्री गुरु हरगोबिंद साहिब जी की ग्वालियर किले से 52 राजाओं के साथ रिहाई की याद में मनाया जाता है।
'बंदी छोड़ दिवस' को अत्याचार और पाबंदियों से मुक्ति का प्रतीक बताते हुए, भाजपा ने कहा कि आज पंजाब को नशीले पदार्थों की जकड़ से आज़ाद होने की ज़रूरत है, जिसने यहां के युवाओं और अनगिनत परिवारों को प्रभावित किया है।
भाजपा ने नशीले पदार्थों के सेवन से प्रभावित परिवारों के साथ खड़े रहने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई और इस समस्या के खिलाफ अपनी लड़ाई तब तक जारी रखने का संकल्प लिया, जब तक कि राज्य पूरी तरह से इस समस्या से मुक्त न हो जाए।
दीवाली और बंदी छोड़ दिवस की शुभकामनाएं देते हुए, भाजपा् ने पंजाब के लिए ईश्वरीय आशीर्वाद की प्रार्थना की और उम्मीद जताई कि ये त्योहार हर घर में खुशियां, समृद्धि और नई उम्मीदें लेकर आएंगे।













