शारजाह। अफगानिस्तान ने शारजाह क्रिकेट स्टेडियम में जारी पहले टेस्ट मैच के चौथे दिन जिम्बाब्वे को करारा जवाब दिया। जिम्बाब्वे ने पहली पारी में 504 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया था, लेकिन इसके जवाब में अफगान खेमे ने 514 रन बनाकर मामूली बढ़त हासिल कर ली। रविवार के खेल की समाप्ति तक जिम्बाब्वे ने अपनी दूसरी पारी में 160 रन पर 3 विकेट गंवा दिए हैं।

टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी जिम्बाब्वे की टीम ने पहली पारी में 504 रन बनाए। ब्रैंडन टेलर ने 128 रन की पारी खेली, जबकि कप्तान ब्रायन बेनेट ने 128 रन का योगदान टीम के खाते में दिया। इनके अलावा, वेस्ली मधेवेरे ने 54 रन की पारी खेली। विपक्षी खेमे से कैस अहमद और मोहम्मद सलीम सैफी को 3-3 विकेट हाथ लगे, जबकि जिया-उर-रहमान अकबर ने 2 विकेट चटकाए।

इसके जवाब में अफगानिस्तान ने तीन बल्लेबाजों के शतक की मदद से पहली पारी में 514 रन बना लिए। अफगान खेमे को महज 14 के स्कोर पर अब्दुल मलिक (2) के रूप में पहला झटका लग गया था। इसके बाद सेदीकुल्लाह अटल ने रहमानुल्लाह जादरान के साथ दूसरे विकेट के लिए 206 रन की साझेदारी करते हुए टीम को संभाला।

सेदीकुल्लाह 9 बाउंड्री के साथ 105 रन बनाकर आउट हुए, जबकि रहमानुल्लाह ने 113 रन की पारी खेली। इसके बाद कप्तान रहमत शाह ने 347 गेंदों में 3 छक्कों और 14 चौकों के साथ 173 रन की पारी खेलते हुए टीम को विशाल स्कोर तक पहुंचाया।

इस पारी में जिम्बाब्वे की तरफ से न्यूमैन न्यामहूरी ने 82 रन देकर 5 विकेट चटकाए, जबकि ग्रेम क्रेमर ने 3 विकेट निकाले। इनके अलावा, ब्लेसिंग मुजरबानी को 1 विकेट हाथ लगा।

अफगानिस्तान के पास पहली पारी के आधार पर 10 रन की बढ़त थी। इसके जवाब में जिम्बाब्वे ने महज 38 रन तक इनोसेंट काइया (1) और बेन करेन (12) के विकेट गंवा दिए थे। यहां से ब्रैंडन टेलर ने कप्तान ब्रायन बेनेट के साथ तीसरे विकेट के लिए 82 रन जुटाकर टीम को संभाल लिया।

टेलर 88 गेंदों में 2 छक्कों और 11 चौकों के साथ 82 रन बनाकर आउट हुए। टीम को 120 के स्कोर पर तीसरा झटका लगा, जिसके बाद बेनेट (नाबाद 49) ने क्रेग इर्विन (नाबाद 20) के साथ चौथे विकेट के लिए 44 रन की अटूट साझेदारी करते हुए टीम को 164/3 के स्कोर तक पहुंचा दिया। अफगानिस्तान की तरफ से जिया-उर-रहमान अकबर 2 विकेट हासिल कर चुके हैं।