छतरपुर/बड़ामलहरा। पुलिस अनुविभाग के घुवारा पुलिस चौकी अंतर्गत ग्राम स्वारा में गुली (महुआ का फल) बीनने गई अधेड़ महिला की पत्थर से कुचलकर हत्या कर दी गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

जानकारी के मुताबिक, शीला पति परमा कुशवाहा सोमवार की दोपहर तकरीबन डेढ़ बजे घर से थोड़ी ही दूरी पर गुली बीनने यानी महुआ फल संग्रहण करने गई हुई थी। मृतिका के पुत्र राकेश कुशवाहा ने बताया कि जब वह दो-ढाई बजे के आसपास घर से बाहर शौच के लिए गया हुआ था, तब उसने महुआ के पेड़ों के पास सफेद कपड़ों में एक अज्ञात व्यक्ति को देखा था जो टोरिया की तरफ जा रहा था तथा उसके पीछे-पीछे उसकी माँ भी जा रही थी।

जब मृतिका शीला शाम तक वापस नहीं लौटीं, तब परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। परिजनों को रात तकरीबन दस बजे उनका रक्तरंजित शव एक खदान में मिला, जिसे पत्थरों से कुचला गया था। घटना की जानकारी मिलते ही घुवारा पुलिस घटनास्थल पर पहुँची एवं मौके का पंचनामा तैयार कर हत्या का प्रकरण कायम किया। दो सदस्यीय डॉक्टरों की पैनल से पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है और पुलिस ने मामले की जांच प्रारंभ कर दी है।