सागर, जीशान खान। शहर के चर्चित मयंक साहू हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। करीब एक माह से फरार चल रहे मामले के मुख्य आरोपी और 10 हजार रुपए के इनामी बदमाश यश सोनी को पुलिस ने उत्तर प्रदेश के ललितपुर से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया देशी कट्टा भी बरामद किया गया है। इससे पहले पुलिस ने एक अन्य इनामी आरोपी मनु सोनी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
जानकारी के अनुसार मोतीनगर थाना क्षेत्र के विवेकानंद वार्ड स्थित मछरयाई इलाके में पुरानी रंजिश के चलते हुए विवाद में आरोपियों ने मयंक साहू और उसके भाई ओम साहू पर हमला किया था। घटना के दौरान की गई फायरिंग में मयंक साहू गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसकी उपचार के दौरान मौत हो गई थी। वहीं ओम साहू पर भी चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया था। मामले में पुलिस ने हत्या, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की थी।
पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने घटना के 24 घंटे के भीतर पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था, लेकिन मुख्य आरोपी यश सोनी, मनु सोनी और ओम अहिरवार लगातार फरार चल रहे थे। जांच में सामने आया कि गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी गुजरात, आंध्र प्रदेश, दिल्ली सहित मध्यप्रदेश के कई शहरों में लगातार अपने ठिकाने बदल रहे थे। पुलिस की साइबर टीम तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों के माध्यम से उनकी गतिविधियों पर नजर बनाए हुए थी।
19 जून को पुलिस को सूचना मिली कि फरार आरोपी सागर लौटने वाले हैं और अपने जेल में बंद साथियों की जमानत के लिए धन जुटाने किसी बड़ी वारदात की तैयारी में हैं। इसके बाद पुलिस ने शहर के प्रमुख मार्गों, बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन पर निगरानी बढ़ा दी। बम्हौरी रेंगुवा रेलवे आउटर क्षेत्र में घेराबंदी के दौरान पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगे। इस दौरान मनु सोनी को पुलिस ने पकड़ लिया, जबकि यश सोनी और ओम अहिरवार फरार हो गए थे। मनु सोनी के कब्जे से करीब 20 ग्राम एमडी ड्रग भी बरामद की गई थी।
मनु की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने लगातार दबिश जारी रखी और आखिरकार मुख्य आरोपी यश सोनी को ललितपुर से गिरफ्तार कर सागर ले आई। पूछताछ में उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त देशी कट्टा भी बरामद कर लिया गया। पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ कि सोशल मीडिया पर वायरल किए जा रहे धमकी भरे संदेश एक विधि-विरुद्ध बालक द्वारा केवल फॉलोअर्स बढ़ाने और सनसनी फैलाने के उद्देश्य से प्रसारित किए जा रहे थे।
पुलिस के अनुसार मनु सोनी के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, लूट और मारपीट सहित लगभग 25 आपराधिक मामले दर्ज हैं, जबकि यश सोनी पर करीब 8 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। मामले में अब तक सात आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। एकमात्र फरार आरोपी ओम अहिरवार की तलाश में पुलिस की विशेष टीमें लगातार कार्रवाई कर रही हैं। अधिकारियों का दावा है कि उसे भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

