भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में हरियाली और प्राकृतिक पहाड़ियों को उजाड़कर अवैध निर्माण करने का सिलसिला तेजी से जारी है। शहर के बीचोंबीच करीब 50 एकड़ क्षेत्र में फैली चूनाभट्टी पहाड़ी का प्राकृतिक स्वरूप लगातार सिकुड़ रहा है। जमीनी पड़ताल में सामने आया है कि पहाड़ी के निचले हिस्सों में चारों ओर 80 फीसदी अतिक्रमण हो चुका है, जबकि पूरी पहाड़ी पर 70 फीसदी से अधिक अवैध कब्जे हैं। नियमों को ताक पर रखकर किए गए इन निर्माणों के कारण अकेले 15 एकड़ क्षेत्र में करीब 5 हजार परिवारों की बसाहट हो गई है। पहाड़ी के निचले हिस्से में कार शोरूम, बौद्ध मठ और मंदिर विकसित हो चुके हैं, जबकि इसके भीतरी हिस्से में कोलार कॉलोनी बस गई है।
पेड़ काटकर और उत्खनन कर समतल की गई पहाड़ी
मुख्य सड़क से कॉलोनी के भीतर जाने पर पहाड़ी की सीधी ढलान साफ नजर आती है और जैसे-जैसे अंदर बढ़ते हैं, मकानों की ऊंचाई भी बढ़ती जाती है। निचले हिस्से में होने के कारण कॉलोनी का करीब 70 प्रतिशत हिस्सा ढलान पर स्थित है। चूनाभट्टी तिराहे से बौद्ध मठ के आगे तक लगभग 70 मीटर लंबे हिस्से में पेड़ काटकर और उत्खनन के जरिए जमीन को समतल कर बसाहट फैलाई गई है।
स्थानीय रहवासियों की राय
स्थानीय रहवासी रमेश मालवीय बताते हैं कि शुरुआत में निचली ढलान पूरी तरह खाली थी, लेकिन धीरे-धीरे उत्खनन कर मकान बनने लगे और आज यह घनी बस्ती में बदल गई है। रहवासी संगीता विश्वकर्मा के अनुसार, ढलान पर घर होने के कारण आवाजाही और निर्माण में हमेशा जोखिम बना रहता है, इसके बावजूद बसाहट लगातार फैल रही है। वहीं, रहवासी फारूक अहमद का कहना है कि तिराहे से बौद्ध मठ के बीच का हिस्सा पहले अपनी हरियाली और प्राकृतिक ढलान से पहचाना जाता था, लेकिन पेड़ों की कटाई और निर्माण कार्यों से पूरी तस्वीर बदल गई है।
प्रशासन की अनदेखी से बढ़ता गया कब्जा
प्रशासन की नाक के नीचे चूनाभट्टी पहाड़ी पर हो रहे अवैध निर्माणों पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। क्षेत्र की अधिकांश भूमि भोपाल विकास प्राधिकरण (BDA) की बताई जा रही है, जहां प्राधिकरण द्वारा मल्टी-स्टोरी भवन बनाने का प्रस्ताव रखा गया था। समय रहते अतिक्रमण नहीं हटाए जाने के कारण बीडीए की यह आवासीय योजना आगे नहीं बढ़ सकी और जमीन पर अवैध स्थायी निर्माण बढ़ते चले गए। जानकारों के मुताबिक, यदि प्राधिकरण को अपनी प्रस्तावित मल्टी योजना को शुरू करना है, तो पहले इन अवैध अतिक्रमणों पर बुलडोजर कार्रवाई करनी होगी।

















