मुंबई, 13 मई । बॉलीवुड अभिनेता वरुण धवन इन दिनों अपनी आने वाली फिल्म 'है जवानी तो इश्क होना है' को लेकर लगातार चर्चा में बने हुए हैं। फिल्म का नया गाना 'वॉओ' हाल ही में रिलीज हुआ, जिसके प्रमोशन में वरुण जुटे हुए हैं। इसी बीच उन्होंने कमीडियन समय रैना के साथ एक ऐसा वीडियो साझा किया, जिसने सोशल मीडिया पर लोगों को खूब हंसाया। दोनों के बीच की मजेदार बातचीत ने दर्शकों का ध्यान अपनी ओर खींचा।दरअसल, वरुण धवन ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा किया है, जिसमें वह समय रैना के साथ जिम में नजर आ रहे हैं। वीडियो में दोनों मस्ती भरे अंदाज में दिखाई दे रहे हैं। वीडियो की शुरुआत में वरुण धवन अपने नए गाने 'वॉओ' की शुरुआती लाइन गुनगुनाते दिखाई देते हैं। वह पूरे उत्साह के साथ गाना गाते हैं और उम्मीद करते हैं कि समय रैना भी उनके साथ गाने की अगली लाइन बोलेंगे।
लेकिन समय रैना अपने खास मजाकिया अंदाज में वरुण की बात का अलग ही जवाब देते हैं। जैसे ही वरुण गाना शुरू करते हैं, समय हंसते हुए कहते हैं, 'भाई, ऐसे यह काम नहीं करेगा।' उनका यह जवाब सुनकर वरुण पहले थोड़ा चौंक जाते हैं, लेकिन फिर मुस्कुराने लगते हैं।
समय का इशारा गाने के प्रमोशन के तरीके की तरफ था। इसके बाद वरुण उनसे पूछते हैं कि आखिर ऐसा क्यों। तब समय मजाकिया अंदाज में कहते हैं, 'अगर गाना अच्छा होगा, तो खुद ही चल जाएगा।' समय की यह बात सुनते ही वरुण हंस पड़ते हैं और मजाक में जवाब देते हैं कि उन्हें लगा था कि गाना सिर्फ इसी तरीके से चलेगा।
'वॉओ' गाने की बात करें तो यह एनर्जी से भरा और डांस से भरपूर है। इस गाने में वरुण धवन के साथ अभिनेत्री मृणाल ठाकुर और पूजा हेगड़े भी नजर आ रही हैं। हाल ही में वरुण ने अभिनेत्री सान्या मल्होत्रा के साथ भी इस गाने पर डांस करते हुए वीडियो पोस्ट किया था, जिसे लोगों ने काफी पसंद किया।
फिल्म 'है जवानी तो इश्क होना है' एक रोमांटिक और कॉमेडी से भरपूर फिल्म है। इसका निर्देशन मशहूर निर्देशक डेविड धवन कर रहे हैं। खास बात यह है कि एक बार फिर डेविड धवन और उनके बेटे वरुण धवन की जोड़ी साथ काम करती नजर आएगी। इस फिल्म में जिमी शेरगिल और मनीष पॉल भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे।
यह फिल्म 5 जून 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।

















