छतरपुर, विनोद मिश्रा। शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित हाउसिंग बोर्ड पहाड़ी में दहेज प्रताडऩा का एक गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि दहेज की अतिरिक्त मांग पूरी नहीं होने पर पति ने अपनी पत्नी को ससुराल पहुंचकर जबरन चूहा मार दवा खिला दी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी भागते हुए तस्वीरें सीसीटीवी कैमरे में कैद होने की बात सामने आई है। पीडि़ता को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है।


जानकारी के अनुसार, 23 वर्षीय सीरत खातून का विवाह तीन वर्ष पहले उत्तर प्रदेश के राठ निवासी मोहम्मद इरशाद से हुआ था। रविवार सुबह करीब 11 बजे आरोपी अपनी पत्नी को साथ ले जाने के लिए ससुराल पहुंचा। इसी दौरान दोनों के बीच विवाद हो गया। पीडि़ता का आरोप है कि पति अपने साथ चूहा मार दवा लेकर आया था और उसने जबरन उसे दवा खिला दी। महिला के शोर मचाने पर आरोपी वहां से भाग निकला।


पीडि़ता ने बताया कि उसका पति शराब का आदी है और शादी के बाद से ही उसके साथ मारपीट और प्रताडऩा करता रहा है। उनकी दो वर्षीय बेटी भी है। पीडि़ता की मां राफिया के मुताबिक, विवाह के समय करीब डेढ़ लाख रुपये नकद सहित दान-दहेज दिया गया था, लेकिन शादी के एक वर्ष बाद आरोपी ने चार पहिया वाहन खरीदने के लिए अतिरिक्त पांच लाख रुपये की मांग शुरू कर दी। आर्थिक तंगी के कारण परिवार यह मांग पूरी नहीं कर सका, जिसके बाद उनकी बेटी को लगातार प्रताडि़त किया जाने लगा।


परिजनों ने बताया कि बेटी की डिलीवरी भी मायके में कराई गई थी और आरोपी अक्सर घर आकर विवाद करता था। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश की जा रही है। फिलहाल महिला का जिला अस्पताल में इलाज जारी है और पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।