बालाघाट। जिले के वारासिवनी थाना क्षेत्र के ग्राम कोपे के जंगल में 14 जून को मिले अज्ञात युवक के शव की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। मामले में मृतक के ससुर और उसके एक साथी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस जांच में सामने आया कि बेटी के साथ लगातार मारपीट और मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर ससुर ने दामाद की हत्या की साजिश रची थी।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान ग्राम डोंगरिया निवासी 40 वर्षीय राजेंद्र शरणागत के रूप में हुई। वह घटना से एक दिन पहले से लापता था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और ग्रामीणों से पूछताछ में मृतक के साथ उसके ससुर राजेश चौहान तथा एक अन्य व्यक्ति को देखा गया।
इसके बाद पुलिस ने राजेश चौहान को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। आरोपी ने बताया कि उसका दामाद शराब का आदी था और आए दिन उसकी बेटी के साथ मारपीट करता था। शराब की लत के चलते उसने अपनी कृषि भूमि भी बेच दी थी, जिससे पूरा परिवार परेशान था। इन्हीं परिस्थितियों से तंग आकर उसने अपने साथी प्रभुदयाल बिसेन के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई।
योजना के तहत दोनों आरोपियों ने पहले मृतक के साथ शराब पी और फिर उसे ग्राम कोपे के जंगल में ले जाकर गमछे से गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। वारासिवनी पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त गमछा, दो मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन जब्त कर लिए हैं। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है। मामले में पुलिस आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।




