छतरपुर/नौगांव, कमल यादव। स्वतंत्रता और राष्ट्रभक्ति की भावना को लेकर नौगांव शहर में विशाल तिरंगा यात्रा निकाली गई। नगर पालिका कार्यालय से शुरू हुई यात्रा में बड़ी संख्या में लोगों ने हाथों में तिरंगा लेकर भाग लिया। पूरे मार्ग में देशभक्ति के नारों से शहर गूंजता रहा और लोगों में खासा उत्साह नजर आया।


तिरंगा यात्रा नगर पालिका कार्यालय से शुरू होकर नगर पालिका चौराहा, बनता सेठ चौराहा, ईसानगर चौराहा, कोठी चौराहा, बाजार, बस स्टैंड और तहसील चौराहा होते हुए पुनः कोठी चौराहा पहुंची। इसके बाद यात्रा नगर पालिका कार्यालय पहुंचकर संपन्न हुई। यात्रा के दौरान जगह-जगह तिरंगा लहराकर देशभक्ति का संदेश दिया गया।


यात्रा का आयोजन मंडल अध्यक्ष गजेंद्र सोनकिया के नेतृत्व में किया गया। इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष अनूप तिवारी, पूर्व अध्यक्ष अजुल सक्सेना, सूरज देव मिश्रा, भारती साहू, नगर पालिका इंजीनियर धर्मेंद्र चौबे, मंडल अध्यक्ष पिछड़ा मोर्चा राजेश यादव, किसान मोर्चा बबलू राजा पथरिया सहित भाजपा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।


यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर थाना प्रभारी संजय राय के नेतृत्व में पुलिस बल तैनात रहा। तिरंगा यात्रा के दौरान शहर में देशभक्ति का माहौल देखने को मिला।