रायसेन। रायसेन-भोपाल राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। सेहतगंज टोल प्लाजा के पास दो यात्री बसें आमने-सामने टकरा गईं। दुर्घटना इतनी भयावह थी कि दोनों बसों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे में दोनों बसों के चालकों सहित 6 लोगों की मौत होने की प्रारंभिक जानकारी सामने आई है, जबकि दो दर्जन से अधिक यात्री घायल बताए जा रहे हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए बसों में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और एम्बुलेंस की टीमें मौके पर पहुंचीं और घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया।
हादसे के कारण हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल कराया। प्रशासन द्वारा मृतकों की पहचान एवं हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार घायलों में कुछ की हालत गंभीर बनी हुई है, जिसके चलते मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका से भी इंकार नहीं किया जा सकता। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।



