नई दिल्ली। फॉर्मूला-1 के अध्यक्ष और सीईओ स्टेफानो डोमेनिकाली ने किमी एंटोनेली की ऐतिहासिक जीत की तारीफ की है। मर्सिडीज के इस ड्राइवर ने रविवार को मेक्सिको सिटी ग्रां प्री में तीसरे स्थान पर रहकर ड्राइवर्स चैंपियनशिप 2026 अपने नाम की।20 वर्षीय एंटोनेली ने मेक्सिको सिटी के प्रतिष्ठित 'ऑटोड्रोमो हर्मनोस रोड्रिगेज' सर्किट पर यह खिताब अपने नाम किया। इस जीत के साथ वह मोटरस्पोर्ट्स इतिहास के सबसे कम उम्र के विश्व चैंपियन बन गए। साथ ही, इटली का अपने देश के किसी विश्व चैंपियन बनने का 73 साल पुराना इंतजार भी खत्म किया।
डोमेनिकाली ने एक बयान में कहा, "आज किमी एंटोनेली ने इतिहास रच दिया है। सबसे कम उम्र का फॉर्मूला-1 विश्व चैंपियन बनना एक असाधारण उपलब्धि है, जो उनकी बेहतरीन प्रतिभा, साहस और दृढ़ संकल्प का नतीजा है। मुझे इस बात पर बहुत गर्व है कि 1953 में अल्बर्टो एस्कारि के बाद किमी इटली के पहले फॉर्मूला 1 विश्व चैंपियन बने हैं। हमारे देश ने 73 वर्षों तक इस पल का इंतजार किया है, और आज पूरा देश जश्न मनाएगा क्योंकि उनका अपना एक खिलाड़ी इस खेल के शिखर पर पहुंच गया है।"
एंटोनेली को पता था कि 71 लैप की इस रेस में अगर वह टॉप 9 में रहते हैं, तो वह चैंपियनशिप जीत जाएंगे। इसके लिए उनके करीबी प्रतिद्वंद्वियों - लुईस हैमिल्टन और मर्सिडीज के उनके साथी जॉर्ज रसेल - के नतीजों का कोई असर नहीं पड़ता। ग्रिड पर चौथे स्थान से शुरुआत करने वाले इटली के इस ड्राइवर ने दबाव के बावजूद शानदार प्रदर्शन किया। रेस के दौरान वाल्टेरी बोटास के एक बड़े एक्सीडेंट की वजह से 'रेड फ्लैग' दिखाना पड़ा, और बाद में आर्विन लिंडब्लाड के क्रैश होने के कारण 'सेफ्टी कार' भी उतारनी पड़ी।
तीसरे स्थान पर रहने से ही वह चैंपियनशिप जीतने में सफल रहे, जबकि मैक्स वेरस्टैपेन ने हैमिल्टन से आगे रहते हुए रेस जीती। एंटोनेली की इस उपलब्धि ने सेबेस्टियन वेटेल के सबसे कम उम्र के फॉर्मूला-1 विश्व चैंपियन होने के रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया है। 2010 में जब वेटेल ने रेड बुल के साथ अपना पहला खिताब जीता था, तब उनकी उम्र 23 साल और 134 दिन थी, जबकि एंटोनेली ने 20 साल और 68 दिन की उम्र में यह कारनामा कर दिखाया है।
रिकॉर्ड बुक्स से परे, डोमेनिकाली का मानना है कि इस युवा इटैलियन की सफलता का दुनिया भर के उभरते ड्राइवरों पर गहरा असर पड़ सकता है। उनकी यह शानदार कामयाबी एक बेहतरीन मिसाल है कि दृढ़ संकल्प और लगन से क्या कुछ हासिल किया जा सकता है। उन्होंने आगे कहा, "महानता को केवल रिकॉर्ड से नहीं मापा जाता, बल्कि इस बात से भी आंका जाता है कि वह कितनी पीढ़ियों को प्रेरित करती है। किमी ने दुनिया भर के लाखों प्रशंसकों का दिल जीता है और युवाओं को दिखाया है कि समर्पण, विश्वास और कड़ी मेहनत से कुछ भी हासिल किया जा सकता है। आज जो युवा लड़के-लड़कियां उन्हें देख रहे हैं, वो किमी में एक ऐसी शख्सियत को पाएंगे जो साबित करती है कि सबसे बड़े सपने भी हकीकत बन सकते हैं।"
एंटोनेली की चैंपियनशिप जीत ने उन्हें इस खेल के सबसे अहम नामों में शामिल कर दिया है और इटली को ग्लोबल मोटरस्पोर्ट के मंच पर जश्न मनाने के लिए एक नया चेहरा दिया है। डोमेनिकाली के लिए यह उपलब्धि मर्सिडीज ड्राइवर के करियर में किसी और भी बड़ी शुरुआत का संकेत हो सकती है।
उन्होंने कहा, "आज, उनका नाम हमारे खेल के दिग्गजों की सूची में जुड़ गया है। फॉर्मूला-1 के इतिहास में एक नया अध्याय लिखा गया है और मुझे पूरा यकीन है कि यह एक शानदार विरासत की बस शुरुआत है। इस अद्भुत उपलब्धि के लिए किमी, मर्सिडीज और उनके परिवार को बधाई। पूरी फॉर्मूला-1 समुदाय उनके साथ इस खास पल का जश्न मनाते हुए गर्व महसूस कर रही है।"
चैंपियनशिप स्टैंडिंग में एंटोनेली अब 119 अंकों की ऐसी बढ़त पर हैं जिसे तोड़ना लगभग नामुमकिन है, जबकि वेरस्टैपेन दूसरे स्थान पर आ गए हैं। रसेल चौथे स्थान पर खिसक गए हैं और अपने मर्सिडीज टीम के साथी से 130 अंक पीछे हैं। फॉर्मूला-1 सीजन अब 6 से 8 नवंबर तक होने वाले साओ पाउलो ग्रां प्री के साथ आगे बढ़ेगा। एंटोनेली और इटैलियन मोटरस्पोर्ट के लिए एक ऐतिहासिक वीकेंड के बाद अब पूरा पैडॉक ब्राजील की ओर बढ़ रहा है।
















