भोपाल, जीतेन्द्र यादव। राजधानी भोपाल के पुलिस लाइन परिसर में विजयादशमी के पावन पर्व पर पारंपरिक एवं भव्य शस्त्र-पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। अधर्म पर धर्म और असत्य पर सत्य की विजय के प्रतीक इस त्योहार पर पुलिस बल ने अपने शस्त्रों का विधि-विधान से पूजन किया। वैदिक मंत्रोचार के बीच संपन्न हुए इस आयोजन के बाद जवानों ने शस्त्रों का परीक्षण करते हुए गगनभेदी हवाई फायर किए, जिससे पूरा परिसर गूंज उठा।

जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की रही उपस्थिति

कार्यक्रम में खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग तथा भोपाल पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर शस्त्रों की पूजा की। इसके साथ ही क्षेत्रीय सांसद आलोक शर्मा, विधायक भगवानदास सबनानी और भोपाल पुलिस के सभी वरिष्ठ अधिकारी एवं जवान भी इस धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन के साक्षी बने।

रामराज्य की स्थापना के संकल्प के साथ हुआ पूजन: मंत्री विश्वास सारंग

शस्त्र-पूजन के उपरांत खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग ने कार्यक्रम के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि यह पूजन केवल एक परंपरा नहीं, बल्कि समाज में शांति, सुरक्षा और रामराज्य की स्थापना के संकल्प का प्रतीक है। कानून और व्यवस्था बनाए रखने में शस्त्रों का महत्व सदैव अनुशासित रूप से समाज की रक्षा के लिए रहता है।

पूरे मध्य प्रदेश में उत्साह के साथ आयोजित हुए शस्त्र-पूजन कार्यक्रम

विजयादशमी के अवसर पर केवल राजधानी ही नहीं, बल्कि पूरे मध्य प्रदेश में शस्त्र-पूजन की परंपरा को उत्साह के साथ निभाया जा रहा है। राज्य सरकार के निर्णय के अनुसार प्रदेश के 31 जिलों में विभिन्न मंत्रियों ने मुख्य रूप से उपस्थित होकर शस्त्रों का पूजन किया, वहीं शेष 24 जिलों में संबंधित जिला कलेक्टरों एवं पुलिस अधीक्षकों (SP) ने पूरी निष्ठा और परंपरा के साथ शस्त्र-पूजन संपन्न कराया।