बकस्वाहा, राजू दुबे। नगर में गुरुवार को भगवान जगन्नाथ स्वामी की भव्य रथ यात्रा श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ निकाली गई। रथ यात्रा का शुभारंभ जगन्नाथ स्वामी मंदिर से विधि-विधान के साथ हुआ। यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई राम मंदिर, चौक बाजार, बांके बिहारी मंदिर मार्ग से आगे बढ़ी। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं ने भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा की पूजा-अर्चना कर पुष्प वर्षा की तथा रथ का स्वागत किया।
रथ यात्रा के दौरान नगर का वातावरण भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालु जय जगन्नाथ के जयकारे लगाते हुए भजन-कीर्तन करते चले। रामराजा व्यायामशाला के युवाओं ने आकर्षक शारीरिक करतब प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया, जिन्हें लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट से सराहा।
यात्रा महेंद्र सागर (महेंद्र तालाब) पहुंची, जहां भगवान जगन्नाथ स्वामी का पारंपरिक जल विहार कराया गया। इस धार्मिक अनुष्ठान में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और भगवान के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
जल विहार के बाद रथ यात्रा बस स्टैंड मार्ग से होते हुए पुनः जगन्नाथ स्वामी मंदिर पहुंची। मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना संपन्न हुई, जिसके बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। रथ यात्रा में सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु, महिला-पुरुष, युवा एवं बच्चे शामिल हुए। पूरे आयोजन के दौरान नगर में भक्ति और उत्साह का अद्भुत माहौल देखने को मिला।




