सोने-चांदी ने फिर पकड़ी रफ्तार, दामों में बड़ी छलांग

Advertisement
सोमवार को सर्राफा बाजार में सोने और चांदी की कीमतों में जोरदार तेजी दर्ज की गई। 10 ग्राम 24 कैरेट सोना 3,362 रुपए महंगा होकर 1,58,428 रुपए पर पहुंच गया, जबकि एक किलो चांदी 15,236 रुपए उछलकर 2,65,550 रुपए प्रति किलो हो गई। विशेषज्ञों का मानना है कि वैश्विक मांग और निवेश में बढ़ोतरी के चलते आने वाले दिनों में कीमतों में और इजाफा हो सकता है। इस वर्ष अब तक सोना करीब 25 हजार रुपए और चांदी 35 हजार रुपए महंगी हो चुकी है।
इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन के अनुसार सोने और चांदी में लगातार उतार-चढ़ाव के बीच इस साल दोनों धातुओं ने ऊंचे स्तर भी छुए हैं। 29 जनवरी को सोने ने 1.76 लाख और चांदी ने 3.86 लाख रुपए का सर्वकालिक उच्च स्तर बनाया था। वर्ष 2025 में सोना 57 हजार रुपए बढ़ा और 31 दिसंबर 2024 के 76 हजार से बढ़कर 31 दिसंबर 2025 तक 1.33 लाख रुपए हो गया। इसी अवधि में चांदी 86 हजार से बढ़कर 2.30 लाख रुपए प्रति किलो पहुंची। निवेश बैंकिंग कंपनी यूबीएस का अनुमान है कि 2026 में केंद्रीय बैंकों की खरीद 950 टन तक पहुंच सकती है और सोना 6,200 डॉलर प्रति औंस तक जा सकता है। भारतीय बाजार में इसकी कीमत 1.80 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम तक पहुंचने की संभावना जताई गई है।
खरीदारी के समय उपभोक्ताओं को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। हमेशा भारतीय मानक ब्यूरो का हॉलमार्क लगा प्रमाणित सोना ही खरीदें और खरीदारी से पहले विभिन्न स्रोतों से कीमत की पुष्टि करें। अलग-अलग कैरेट के अनुसार सोने की कीमत भिन्न होती है, इसलिए वजन और शुद्धता की जांच जरूरी है।
