पन्ना, अमित राठौर। जिले के लक्ष्मीपुर गांव में बुधवार सुबह एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां एक युवक ने 25 वर्षीय युवती की गोली मारकर हत्या कर दी। आरोपी ने गोली चलाने के बाद युवती पर चाकू से भी हमला किया। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपी और उसके पिता को पकड़कर बिजली के खंभे से बांध दिया और जमकर मारपीट की।


जानकारी के अनुसार लक्ष्मीपुर निवासी आरती यादव बुधवार सुबह घर के पीछे शौच के लिए गई थी। इसी दौरान गांव का युवक विनोद यादव देशी कट्टा और चाकू लेकर वहां पहुंचा और आरती पर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि आरोपी ने पहले युवती पर गोली चलाई और फिर चाकू से ताबड़तोड़ हमला किया।


घटना के दौरान आरती की चीख सुनकर उसका भाई आकाश यादव मौके पर पहुंचा और बहन को बचाने का प्रयास किया। आरोप है कि आरोपी विनोद बंदूक की बट से युवती को पीट रहा था। इस दौरान उसने आकाश पर भी फायरिंग करने की कोशिश की, लेकिन गोली नहीं चली।


खून से लथपथ युवती को देखकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। भागने की कोशिश कर रहे आरोपी विनोद यादव और उसके पिता भीकम उर्फ बच्चा यादव को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। दोनों को बिजली के खंभे से बांधकर लाठी-डंडों और लात-घूंसों से पीटा गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को भीड़ के चंगुल से छुड़ाकर हिरासत में लिया।


घायल आरती यादव को तत्काल पन्ना जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए मेडिकल कॉलेज रीवा रेफर किया गया। हालांकि रास्ते में ही युवती ने दम तोड़ दिया। बाद में परिजन शव को वापस पन्ना लेकर पहुंचे, जहां पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई की गई।


पुलिस ने आरोपी विनोद यादव और उसके पिता को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में हत्या सहित अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस परिजनों और ग्रामीणों के बयान दर्ज कर रही है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक आरोपी का परिवार पिछले करीब 10 वर्षों से गांव में रहकर खेती-किसानी कर रहा था। हत्या के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है।