इंदौर,रविकांत वर्मा। शहर के तेजाजी नगर थाना क्षेत्र स्थित पलाश परिसर की आठवीं मंजिल से गिरकर हुई 23 वर्षीय अंजलि थापा की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने मामले की विस्तृत जांच के बाद मृतका के लिव-इन पार्टनर अजय मुंडे के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 108 के तहत आत्महत्या के लिए उकसाने की एफआईआर दर्ज कर ली है।
घटना 24 अक्टूबर की है, जब पलाश परिसर के फ्लैट नंबर 801 की आठवीं मंजिल से गिरकर अंजलि थापा की जान चली गई थी। अंजलि अपने पार्टनर अजय मुंडे के साथ यहां रह रही थी। दोनों कुछ ही दिन पहले गुरुग्राम से इंदौर आए थे और अपने दोस्तों के कमरे में किराए पर ठहरे हुए थे। हादसे के तुरंत बाद जब पुलिस टीम ने घटनास्थल और फ्लैट का मुआयना किया, तो वहां से शराब की बोतलें और खाली गिलास बरामद हुए थे।
मामले में पुलिस जांच, तकनीकी साक्ष्यों, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयानों के आधार पर यह बात सामने आई कि अजय मुंडे अक्सर अंजलि के साथ मारपीट और शारीरिक-मानसिक प्रताड़ना करता था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी अंजलि के शरीर पर घटना से लगभग 24 घंटे पहले के गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं। प्रताड़ना से तंग आकर ही युवती द्वारा यह कदम उठाए जाने की आशंका के आधार पर पुलिस ने प्रेमी अजय के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।















