टीकमगढ़, मोहसिन अहमद। लिधौरा ताल में 10 लाख की लागत से बने अटल सभागार का उद्घाटन करने पहुंचे केंद्रीय मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार घटिया निर्माण देखकर नाराज हो गए। उन्होंने बिना फीता काटे ही कार्यक्रम छोड़ दिया और PWD अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई।


सोमवार को पहुंचे केंद्रीय मंत्री ने सभागार का निरीक्षण किया। फर्श पर कोटा स्टोन की जगह सीमेंट लगा मिला, जो कई जगह से उखड़ चुका था। सीढ़ियों में भी दरारें थीं। गुणवत्ता देखकर मंत्री ने पीडब्ल्यूडी के कार्यपालन यंत्री मनोज दुबे को मौके पर ही फटकार लगाई।


मंत्री ने सभागार में बैठकर पूजन तो किया, लेकिन उद्घाटन का फीता नहीं काटा। उन्होंने कहा "मुझे स्वागत-सत्कार नहीं, गुणवत्तापूर्ण काम चाहिए। शासन की राशि का दुरुपयोग बर्दाश्त नहीं होगा।


यह सभागार सांसद निधि के 10 लाख रुपये से बना है। निर्माण की जिम्मेदारी PWD को थी और काम मेसर्स शर्मा एसोसिएट के ठेकेदार सार्थक शर्मा ने किया था। मंत्री ने फर्श पर कोटा स्टोन बिछाने, सीढ़ियां सुधारने और पूरी गुणवत्ता दुरुस्त करने के सख्त निर्देश दिए।