टीकमगढ़/खरगापुर, सोनू विश्वकर्मा। खरगापुर थाना क्षेत्र के नौरपारा गांव में देर रात एक बड़ी चोरी की वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। अज्ञात चोरों ने टीकाराम यादव के मकान के पांच ताले तोड़कर घर में रखे सोने-चांदी के आभूषण, लाखों रुपये की नगदी सहित करीब 15 से 20 लाख रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। घटना रात करीब 12 से 1 बजे के बीच की बताई जा रही है। सुबह परिजनों को चोरी की जानकारी लगी, जिसके बाद तत्काल खरगापुर थाना पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही खरगापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिले के अन्य थानों की पुलिस टीमों को भी मौके पर बुलाया गया। एसडीओपी राहुल कटारे ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। वहीं साक्ष्य जुटाने और आरोपियों तक पहुंचने के लिए डॉग स्क्वॉड टीम की भी मदद ली गई।
ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि वारदात से एक दिन पहले गांव में दो से तीन संदिग्ध व्यक्ति पहुंचे थे, जो पुराने सोने-चांदी के जेवरात चमकाने की बात कहकर लोगों से संपर्क कर रहे थे। घटना के बाद ग्रामीणों ने इन संदिग्ध लोगों की भूमिका पर आशंका जताई है। पुलिस इस पहलू को भी गंभीरता से जांच के दायरे में रखते हुए आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ और संदिग्धों की तलाश कर रही है।
पुलिस के अनुसार चोरी गए सामान का सटीक आकलन किया जा रहा है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार चोरी की कुल कीमत 15 से 20 लाख रुपये के बीच बताई जा रही है। पुलिस ने जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने का दावा किया है। घटना के बाद नौरपारा गांव सहित आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल है और ग्रामीणों ने रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है।




