भोपाल, जीतेन्द्र यादव। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर भोपाल स्थित मेजर ध्यानचंद हॉकी स्टेडियम में मैत्री हॉकी मैच का आयोजन किया गया। प्रदेशभर में राष्ट्रीय खेल दिवस के तहत विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं और फिटनेस गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में आयोजित हॉकी मुकाबलों में खिलाड़ियों ने खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगीत 'वंदेमातरम्' के सामूहिक गायन के साथ हुई। आयोजन में मध्यप्रदेश के मंत्री विश्वास सारंग शामिल हुए। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया और स्वयं हॉकी खेलकर खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाया।
पुरुष वर्ग में मैत्री हॉकी मुकाबला एमपी अकादमी और भोपाल वांडर्स के बीच खेला गया, जबकि महिला वर्ग में रायसेन क्वीन और भोपाल टाइग्रेस के बीच मैत्री हॉकी मैच आयोजित हुआ। मुकाबलों के दौरान खिलाड़ियों में खासा उत्साह नजर आया और हॉकी स्टेडियम में राष्ट्रभक्ति का माहौल देखने को मिला।
इस अवसर पर मंत्री विश्वास सारंग ने 6 से 12 वर्ष की उम्र के बच्चों के लिए फीडर सेंटर खोलने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इन केंद्रों के माध्यम से कम उम्र से ही बच्चों की खेल प्रतिभा को पहचानकर उसे विकसित किया जाएगा। शुरुआती स्तर पर बेहतर प्रशिक्षण मिलने से प्रदेश को भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी मिल सकेंगे।
मंत्री सारंग ने कहा कि मेजर ध्यानचंद ने अपनी प्रतिभा और खेल कौशल से पूरी दुनिया में हिंदुस्तान का लोहा मनवाया। उनकी जयंती पर मनाया जाने वाला राष्ट्रीय खेल दिवस देश में खेलों के प्रति जागरूकता और खिलाड़ियों के सम्मान का अवसर है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत खेलों के क्षेत्र में नए आयाम छू रहा है। आजादी के बाद खेलों के लिए बजट में ऐतिहासिक वृद्धि हुई है, जिसका सकारात्मक असर खिलाड़ियों को मिलने वाली सुविधाओं और प्रशिक्षण पर दिखाई दे रहा है।
मंत्री ने कहा कि आज देश और मध्यप्रदेश के खिलाड़ी वैश्विक मंच पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं और लगातार भारत का नाम रोशन कर रहे हैं। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर आयोजित इस तरह के आयोजन युवाओं को खेलों से जोड़ने और फिटनेस के प्रति जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।




