नई दिल्ली। अचानक उठते ही सिर हल्का लगना, चलते समय कदम लड़खड़ाना, या कुछ सेकेंड के लिए ऐसा महसूस होना जैसे पूरा कमरा घूम रहा है, चक्कर की अलग-अलग तरह की स्थिति हो सकती है। कई बार इसकी वजह शरीर में पानी की कमी, लंबे समय तक कुछ न खाना या अचानक ब्लड प्रेशर गिरना हो सकता है। हालांकि हर बार चक्कर को सिर्फ कमजोरी या थकान मान लेना सही नहीं है। कुछ लोगों को चक्कर में ऐसा लगता है जैसे वे बेहोश होने वाले हैं या शरीर हल्का पड़ रहा है जबकि कुछ लोगों को अपने आसपास की चीजें घूमती हुई महसूस होती हैं। दूसरी तरह की स्थिति को आमतौर पर वर्टिगो कहा जाता है। इसके साथ जी मिचलाना, उल्टी, चलने में परेशानी या संतुलन बिगड़ना भी हो सकता है।
अगर लंबे समय तक बैठे या लेटे रहने के बाद अचानक खड़े होने पर आंखों के आगे अंधेरा छाने लगे, कमजोरी महसूस हो या सिर घूमे, तो इसका संबंध ब्लड प्रेशर में अचानक गिरावट से हो सकता है। इसे ऑर्थोस्टैटिक या पोस्टुरल हाइपोटेंशन कहा जाता है। शरीर की स्थिति बदलने पर कुछ समय के लिए ब्लड प्रेशर कम हो जाता है और इसी वजह से दिमाग तक रक्त का प्रवाह कुछ पल के लिए कम पड़ जाता है। ऐसे में डॉक्टर से जांच कराना जरूरी है।
गर्मी में ज्यादा पसीना निकलना, उल्टी-दस्त होना, बुखार या पर्याप्त मात्रा में तरल न लेना शरीर में पानी की कमी पैदा करता है। डिहाइड्रेशन में प्यास लगने के अलावा थकान, मुंह सूखना, पेशाब कम होना या उसका रंग गहरा होना और चक्कर जैसी परेशानी होती है। अगर शरीर में पानी की कमी काफी बढ़ जाए तो स्थिति गंभीर भी हो सकती है। इसलिए लगातार चक्कर के साथ ऐसे संकेत दिखें तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।
खासकर डायबिटीज की दवा या इंसुलिन लेने वाले लोगों में ब्लड शुगर बहुत कम होने पर चक्कर आते हैं। इसके साथ कंपकंपी, पसीना, भूख, कमजोरी, घबराहट या सोचने-समझने में परेशानी जैसे लक्षण भी हो सकते हैं। लंबे समय तक खाना न खाने या शरीर की जरूरत के मुकाबले कम कार्बोहाइड्रेट लेने से भी कुछ परिस्थितियों में ब्लड शुगर गिर सकता है। बार-बार ऐसा होने पर खुद से इलाज करने के बजाय डॉक्टर से कारण समझना जरूरी है।
एनीमिया में शरीर के ऊतकों तक ऑक्सीजन पहुंचाने की क्षमता प्रभावित होती है और इसके कारण थकान, कमजोरी, सिरदर्द और चक्कर जैसे लक्षण होते हैं। अगर चक्कर के साथ लगातार कमजोरी या बहुत ज्यादा थकान महसूस हो रही है तो खून की जांच करानी जरूरी है। इसके अलावा, माइग्रेन भी कुछ लोगों में चक्कर या वर्टिगो से जुड़ा हो सकता है।
अगर चक्कर के साथ बोलने में दिक्कत, अचानक नजर में बदलाव, डबल विजन, चेहरे या हाथ- पैर में कमजोरी या सुन्नपन, चलने में बहुत ज्यादा परेशानी, बेहोशी या अचानक तेज सिरदर्द हो, तो इसे मामूली चक्कर मानकर नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। तुरंत डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए।














