मैहर, नरेन्द्र पटेल। त्योहारी सीजन को देखते हुए खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और मिलावटखोरी पर रोक लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने मैहर और अमरपाटन क्षेत्र में जांच अभियान तेज कर दिया है। मंगलवार को विभागीय टीम ने कई मिठाई दुकानों, रेस्टोरेंट्स और खाद्य निर्माण इकाइयों का औचक निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के कुल 16 नमूने लिए। वहीं अमरपाटन में बिना आवश्यक खाद्य लाइसेंस के मिठाई निर्माण किए जाने की सूचना पर संबंधित संचालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है।


अमरपाटन की पुरानी बस्ती स्थित आजाद चौक में संचालित एक मिठाई निर्माण इकाई के संबंध में विभाग को बिना आवश्यक खाद्य लाइसेंस के मिठाइयों का निर्माण किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम मौके पर पहुंची और निर्माण परिसर का विस्तृत निरीक्षण किया।


निरीक्षण के दौरान तैयार की जा रही मिठाइयों की गुणवत्ता जांच के लिए खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए। इन्हें परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। साथ ही संबंधित संचालक के खिलाफ नियमानुसार प्रकरण दर्ज किया गया।


इसी क्रम में मैहर के कटरा बाजार और सरला नगर रोड क्षेत्र में भी विभागीय टीम ने मिठाई दुकानों और रेस्टोरेंट्स का सघन निरीक्षण किया। अभियान के दौरान पूजा स्वीट्स, सीमा रेस्टोरेंट, श्री कैफे, बीकानेर मिष्ठान भंडार और द बंगाल स्वीट्स समेत विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की गई।


विभागीय टीम ने मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच के लिए कुल 16 खाद्य नमूने एकत्र किए। सभी नमूनों को आवश्यक परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। अब प्रयोगशाला रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि जांच में यदि किसी खाद्य पदार्थ में मिलावट, स्वास्थ्य के लिए हानिकारक पदार्थों की मौजूदगी अथवा निर्धारित गुणवत्ता मानकों का उल्लंघन पाया जाता है, तो संबंधित खाद्य कारोबारियों और निर्माताओं के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


विभाग की लगातार कार्रवाई से खाद्य कारोबारियों में हड़कंप की स्थिति है। अधिकारियों ने कहा कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और आम लोगों के स्वास्थ्य से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा और मिलावटखोरी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।