लंदन। मैनचेस्टर सिटी के स्टार मिडफील्डर फिल फोडेन ने क्लब के साथ चार साल का नया अनुबंध साइन कर लिया है। इस नए समझौते के बाद इंग्लैंड के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी अब 2030 तक सिटी का हिस्सा बने रहेंगे। फोडेन का पिछला अनुबंध अगले साल समाप्त होने वाला था। उन्होंने क्लब के साथ अपना करार आगे जारी रखने का फैसला किया है। यह फैसला ऐसे समय में आया है जब मैनचेस्टर सिटी नए हेड कोच एंजो मारेस्का के नेतृत्व में नए दौर की शुरुआत कर रहा है।
अनुबंध पर हस्ताक्षर करने के बाद फोडेन ने कहा कि मैनचेस्टर सिटी के साथ भविष्य में आगे बढ़ना उनके लिए बेहद खास है। इस क्लब के लिए खेलना हमेशा उनका सपना रहा है और सिटी की जर्सी पहनना उनके लिए सम्मान की बात है। उन्होंने कहा कि वह क्लब के इतिहास के सबसे सफल दौर का हिस्सा बनने के लिए खुद को भाग्यशाली मानते हैं। टीम का लक्ष्य भविष्य में भी लगातार ट्रॉफियां जीतना होगा।
फोडेन ने नए कोच एंजो मारेस्का की प्रशंसा करते हुए कहा कि 2022-23 के ऐतिहासिक ट्रेबल सीजन के दौरान मारेस्का खिलाड़ियों के बीच काफी सम्मानित थे और उनके साथ दोबारा काम करने का उन्हें बेसब्री से इंतजार है। मारेस्का ने इस गर्मी में पेप गार्डियोला की जगह हेड कोच का पद संभाला है।
फोडेन ने महज 17 साल की उम्र में पेप गार्डियोला के मार्गदर्शन में मैनचेस्टर सिटी की सीनियर टीम के लिए डेब्यू किया था। वह अब क्लब के सफल खिलाड़ियों में शामिल हो चुके हैं। अब तक वह सिटी के लिए 369 मुकाबले खेल चुके हैं और छह प्रीमियर लीग, एक यूईएफए चैंपियंस लीग और दो एफए कप खिताब जीतने वाली टीम का हिस्सा रहे हैं।
हालांकि 2025-26 सीजन फोडेन के लिए उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। उन्होंने प्रीमियर लीग में 33 मैचों में सात गोल और पांच असिस्ट दर्ज किए, लेकिन केवल 23 मुकाबलों में शुरुआती एकादश में जगह बनाई। खराब फॉर्म के कारण उन्हें मई में थॉमस ट्यूशेल की इंग्लैंड विश्व कप टीम से भी बाहर कर दिया गया था। इसके विपरीत, ट्रेबल जीत वाले 2022-23 सीजन में उन्होंने सभी प्रतियोगिताओं में 27 गोल और 12 असिस्ट कर शानदार प्रदर्शन किया था। नए अनुबंध के साथ फोडेन अब अपने करियर को नई दिशा देने और मारेस्का के नेतृत्व में फिर से शीर्ष फॉर्म हासिल करने की कोशिश करेंगे।




