सतना, अंबिका केशरी। मध्य प्रदेश के सतना जिले के बिरसिंहपुर कस्बे में चोरों ने एक ही रात में तीन दुकानों को निशाना बनाकर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। बदमाशों ने सबसे पहले रन्नू होटल में सेंध लगाई, जहां से दो बोरी मैदा, दो डिब्बे रसगुल्ले और गल्ले में रखे करीब 650 रुपये के सिक्के चोरी कर लिए। हैरानी की बात यह रही कि चोरों ने होटल के भीतर ही बैठकर रसगुल्ले खाए और खाली डिब्बे काउंटर पर छोड़ गए, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि वे काफी देर तक बेखौफ होकर दुकान के अंदर मौजूद रहे।

इसके बाद चोरों ने मुकेश हलवाई की पान दुकान के ताले तोड़कर पान मसाला, गुटखा, सिगरेट सहित हजारों रुपये का सामान और गल्ले में रखे 3,850 रुपये नकद पार कर दिए। वहीं तीसरी वारदात में बदमाशों ने मुन्नू चौरसिया की पान दुकान को निशाना बनाते हुए वहां भी ताले तोड़कर दुकान में रखा सामान चोरी कर लिया। लगातार तीन दुकानों में हुई चोरी की घटनाओं से स्थानीय व्यापारियों में दहशत का माहौल है।

सुबह जब दुकानदार अपनी दुकानें खोलने पहुंचे तो टूटे ताले, बिखरा सामान और खाली गल्ला देखकर उनके होश उड़ गए। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। व्यापारियों ने तत्काल सभापुर थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। वहीं व्यापारियों ने रात्रि गश्त को प्रभावी बनाने और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। लगातार हुई इन चोरी की घटनाओं ने स्थानीय व्यापारियों में पुलिस की रात्रि गश्त और कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है।