छतरपुर, विनोद मिश्रा। ग्राम पंचायत बृजपुरा में स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर शुक्रवार, 14 अगस्त 2026 को ग्रामीणों के स्वास्थ्य कल्याण के उद्देश्य से एक दिवसीय निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में दिल्ली से पधारे दंत रोग विशेषज्ञ डॉक्टर गौरव थापक और त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉक्टर ऋतु थापक ने अपनी सेवाएं प्रदान करते हुए ग्रामीणों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण कर उचित चिकित्सीय परामर्श दिया।

शिविर के दौरान विशेष रूप से दांतों से जुड़ी समस्याओं, पायरिया, कैविटी के साथ-साथ महिलाओं एवं अन्य ग्रामीणों में होने वाली त्वचा संबंधी बीमारियों, मुहांसे, पिंपल और चेहरे के दाग-धब्बों की गहन जांच की गई। इस स्वास्थ्य शिविर का लाभ उठाने के लिए ग्राम पंचायत बृजपुरा और आसपास के क्षेत्र से 150 से अधिक ग्रामीण पहुंचे और अपना पंजीयन कराकर परीक्षण कराया।

परीक्षण के दौरान दंत रोग से पीड़ित जिन मरीजों को अग्रिम और विस्तृत उपचार की आवश्यकता पाई गई, उन्हें चिकित्सकों द्वारा बुधवार एवं रविवार को दी केयर सेंटर, सागर रोड, छतरपुर में आगे के इलाज के लिए आमंत्रित किया गया है। वहीं, त्वचा रोग से संबंधित मरीजों को आवश्यक दवाइयों और सावधानियों को लेकर मार्गदर्शन दिया गया।

आयोजन को लेकर ग्राम पंचायत बृजपुरा के सरपंच आदित्य पंकज मिश्रा ने बताया कि 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में ग्रामीण जनों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं सुलभ कराने के उद्देश्य से यह पहल की गई थी। इसका मुख्य लक्ष्य गांव के लोगों को घर के पास ही बड़े शहरों के विशेषज्ञ डॉक्टरों की सेवाएं उपलब्ध कराना था।

सरपंच ने डॉक्टर गौरव थापक और डॉक्टर ऋतु थापक का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ग्राम पंचायत बृजपुरा में भविष्य में भी ग्रामीणों के हित और स्वास्थ्य सुधार के लिए इस प्रकार के जनकल्याणकारी चिकित्सा शिविर निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे।