नई दिल्ली, 15 नवंबर । यूरोपीय संघ (ईयू) की विदेश नीति प्रमुख काजा कल्लास ने रविवार को बताया कि भूमध्य सागर में यूरोपीय बलों ने शुक्रवार को एक रूसी तेल टैंकर 'एमवी मिडाग' की जांच की। यह जहाज फर्जी झंडे के तहत पर चलता पाया गया।
काजा कल्लास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉम 'एक्स' पोस्ट पर इस कार्रवाई की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि 13 नवंबर को 'ऑपरेशन इयूनावफोर मेड इरिनी' के यूरोपीय बलों ने भूमध्य सागर में रूस के 'शैडो फ्लीट' से जुड़े होने के संदेह वाले एक टैंकर पर चढ़कर जांच की।
संयुक्त राष्ट्र समुद्री कानून (यूएनसीएलओएस) के अनुच्छेद 110 के तहत की गई इस कार्रवाई में यह पुष्टि हुई कि 'एमवी मिडाग' नामक जहाज फर्जी झंडे के तहत चल रहा था।
कल्लास ने बताया कि यूरोपीय संघ (ईयू) रूस की 'शैडो फ्लीट' के खिलाफ समुद्र में और कूटनीतिक स्तर पर अपनी कार्रवाई जारी रखेगा। उन्होंने बताया कि सोमवार को ईयू के विदेश मंत्री रूस पर नए प्रतिबंधों को मंजूरी देने वाले हैं। इन प्रतिबंधों में उन बैंकों, खरीदारों और कंपनियों को भी शामिल किया जाएगा जो 'शैडो फ्लीट' का समर्थन कर रहे हैं।
एक माह पहले भी ईयू ने रूसी आक्रामकता को नियंत्रित करने के उद्देश्य से रूस पर कड़े प्रतिबंध लगाए थे। यूरोपीय संघ (ईयू) की विदेश नीति प्रमुख काजा कल्लास के अनुसार, ईयू के विदेश मंत्रियों ने रूस के खिलाफ लगभग 1,600 नए प्रतिबंध लगाए थे। प्रतिबंधों में यह सबसे बड़ी कार्रवाई रही।
कल्लास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, ''यूरोपीय संघ (ईयू) के विदेश मंत्रियों ने रूस के सैन्य-औद्योगिक ढांचे को निशाना बनाते हुए लगभग 1,600 नए प्रतिबंधों को मंजूरी दी है। रूस की ओर से युद्ध शुरू किए जाने के बाद से यह प्रतिबंध सूची का अब तक का सबसे बड़ा विस्तार माना जा रहा है। यूरोप ने एक बार फिर दिखाया है कि वह इस मुद्दे पर एकजुट होकर खड़ा है।''













