छतरपुर, संजय अवस्थी। विद्युत विभाग की कथित लापरवाही के चलते ड्यूटी के दौरान करंट की चपेट में आने से बिजली कर्मचारी संतोष अनुरागी की मौत के मामले में विभागीय कार्रवाई को लेकर सवाल उठ रहे हैं। हादसे को कई दिन बीत जाने के बाद भी विभागीय जांच जारी है, लेकिन परिजनों का आरोप है कि अब तक किसी जिम्मेदार के खिलाफ ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।


बताया गया कि ड्यूटी के दौरान संतोष अनुरागी गंभीर रूप से करंट की चपेट में आ गए थे, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद से परिवार गहरे सदमे में है। परिजनों के अनुसार संतोष ही परिवार के भरण-पोषण का प्रमुख सहारा थे। हादसे के बाद आर्थिक संकट से जूझ रहे परिवार को विभाग की ओर से अब तक अपेक्षित सहायता नहीं मिलने की बात कही जा रही है।


मामले में विद्युत विभाग के कार्यपालन अभियंता अमर श्रीवास्तव का कहना है कि विभागीय जांच जारी है और जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं, मृतक के परिजनों का आरोप है कि अधिकारियों द्वारा लगातार जांच का हवाला देकर मामले को टाला जा रहा है।


परिजनों ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय करने तथा पीड़ित परिवार को नियमानुसार तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। परिजनों का कहना है कि कर्मचारी की मौत के बाद परिवार को केवल आश्वासन नहीं, बल्कि न्याय और ठोस सहायता की आवश्यकता है।