सतना,अंबिका केशरी। जिले के रैगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत करसरा गांव में शुक्रवार दोपहर एक बड़ा हादसा सामने आया, जहां ट्रांसफार्मर से उठी चिंगारी ने गेहूं के खेतों में भीषण आग लगा दी। घटना लगभग दोपहर 12 बजे की बताई जा रही है, जब अचानक ट्रांसफार्मर से निकली चिंगारी सूखी फसल पर गिरी और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। तेज हवा के कारण आग तेजी से फैलती चली गई और आसपास के खेत इसकी चपेट में आ गए। इस आगजनी में करीब आधा दर्जन किसानों की लगभग 10 एकड़ में खड़ी गेहूं की फसल पूरी तरह जलकर राख हो गई। प्रभावित किसानों में बेटू शुक्ला, रामकलेश शुक्ला, राजू पयासी, विद्याधर शुक्ला, प्रेमलाल शुक्ला और मनमोहन शर्मा सहित अन्य किसान शामिल हैं। आग लगने की सूचना मिलते ही गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए एकजुटता का परिचय दिया और उपलब्ध स्थानीय संसाधनों की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। बाल्टियों, पाइप और खेतों की मेड़ों की सहायता से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक भारी नुकसान हो चुका था।
घटना के बाद प्रभावित किसानों ने प्रशासन से मुआवजे की मांग की है। किसानों का कहना है कि उनकी पूरी मेहनत और सालभर की कमाई इस आग में जलकर खाक हो गई है। वहीं, ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए ट्रांसफार्मर की नियमित जांच और सुधार की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

