भोपाल। विश्व पर्यावरण दिवस 2026 के अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में राजधानी भोपाल स्थित कुशाभाऊ ठाकरे प्रांगण में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान 2.0 की शुरुआत की गई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधरोपण किया और प्रदेशवासियों से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण, सहकारिता मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने नरेला विधानसभा क्षेत्र के अन्ना नगर स्थित सिंदूर वाटिका में अपनी माता के नाम पौधा लगाकर अभियान में सहभागिता निभाई। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक जिम्मेदारी नहीं बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का संकल्प है।
मंत्री सारंग ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश निरंतर विकास और जनकल्याण के नए आयाम स्थापित कर रहा है। प्रधानमंत्री के कार्यकाल के 12 वर्ष पूर्ण होने जा रहे हैं और इस दौरान भारत ने विश्व पटल पर अपनी अलग पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने सुशासन को मजबूत करने के साथ देश की अर्थव्यवस्था को भी नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने केवल एक प्रधानमंत्री के रूप में नहीं बल्कि देश के प्रत्येक नागरिक के प्रतिनिधि के रूप में कार्य किया है। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर प्रदेश सहित पूरे देश में बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जो पर्यावरण संरक्षण के प्रति समाज की बढ़ती जागरूकता को दर्शाता है। मंत्री सारंग ने सभी नागरिकों से ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान में शामिल होकर पर्यावरण संरक्षण की दिशा में अपना योगदान देने की अपील की।

