इंदौर, रविकांत वर्मा। दिल्ली के हार्डवेयर व्यापारी राहुल मित्तल के लिए इंदौर पुलिस की त्वरित कार्रवाई राहत और खुशी का कारण बन गई। सियागंज में व्यापारिक कार्य से आए राहुल मित्तल का करीब तीन लाख रुपए नकद एवं महत्वपूर्ण दस्तावेजों से भरा बैग ई-रिक्शा से यात्रा के दौरान गिर गया था, जिसे रावजी बाजार पुलिस ने महज कुछ घंटों में तलाश कर उन्हें सुरक्षित लौटा दिया।


जानकारी के अनुसार राहुल मित्तल व्यापारिक भुगतान संग्रह करने के बाद सियागंज से सिंधी कॉलोनी की ओर ई-रिक्शा से जा रहे थे। इसी दौरान हाथीपाला और सिंधी कॉलोनी के बीच उनका रुपयों से भरा बैग कहीं गिर गया। सिंधी कॉलोनी पहुंचने पर उन्हें बैग गायब होने का पता चला, जिसके बाद वे तुरंत रावजी बाजार थाना पहुंचे और घटना की जानकारी पुलिस को दी।


मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी उमेश यादव ने तत्काल टीम गठित कर खोजबीन शुरू कराई। पुलिसकर्मियों ने क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और लगातार प्रयास करते हुए कुछ ही घंटों में बैग का पता लगा लिया। पुलिस ने तीन लाख रुपए नकद सहित बैग में रखे सभी आवश्यक दस्तावेज सुरक्षित बरामद कर व्यापारी को सौंप दिए।


रुपए और दस्तावेज वापस मिलने पर राहुल मित्तल ने इंदौर पुलिस की त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई की सराहना करते हुए पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।


इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक ललिता डावर, प्रधान आरक्षक प्रतिपाल सिंह चौहान एवं प्रधान आरक्षक मुकेश गायकवाड़ की विशेष भूमिका रही।