मंदसौर। जिले के शासकीय चिकित्सालय से एक बेहद अनोखा और हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। अस्पताल के सर्जिकल वार्ड में भर्ती अपने बेटे की देखरेख कर रही एक महिला का करीब 4 लाख रुपये मूल्य के जेवरों से भरा बैग रात के अंधेरे में अचानक गायब हो गया। पीड़िता की शिकायत पर जब पुलिस ने चोर की तलाश शुरू की, तो सीसीटीवी फुटेज देखकर हर कोई दंग रह गया। बैग किसी शातिर चोर ने नहीं, बल्कि अस्पताल परिसर में घूमने वाले एक श्वान (कुत्ते) ने अपने मुंह में दबाकर पार कर दिया था।
बेटे के इलाज के लिए आई थी महिला, बैग में थे लाखों के गहने
नाहरगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कयामपुर निवासी लताबाई वाल्मीकि ने मंदसौर सिटी कोतवाली पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि उनके बेटे के हाथ में गंभीर चोट लगने के कारण उसे जिला अस्पताल के सर्जिकल वार्ड में भर्ती कराया गया था। वे खुद बेटे की तीमारदारी के लिए वार्ड में ही रुकी हुई थीं।
सुरक्षा की दृष्टि से वे अपने घर के सारे गहने भी एक बैग में रखकर साथ ले आई थीं। रात करीब 1 बजे से सुबह 6 बजे के बीच जब उनकी आंख लगी, तब सिरहाने रखा बैग गायब हो चुका था। महिला के अनुसार, बैग में चांदी का कमर कंदोरा, पायल, सोने का मंगलसूत्र, दो अंगूठियां, कान की बाली, नथ, मोती और करीब दो हजार रुपये की नकदी सहित लगभग 4 लाख रुपये के आभूषण मौजूद थे।
सीसीटीवी कैमरों ने सुलझाई अनोखी 'चोरी' की गुत्थी
लाखों रुपये के जेवरात गायब होने की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस तुरंत हरकत में आई। पुलिस टीम ने अस्पताल के सर्जिकल वार्ड और गैलरी में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालना शुरू किया। फुटेज की बारीकी से जांच करने पर पुलिस को एक श्वान मुंह में बैग दबाकर वार्ड से बाहर ले जाते हुए दिखाई दिया।
अस्पताल परिसर से सुरक्षित बरामद हुआ बैग
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने श्वान के जाने की दिशा में अस्पताल परिसर के सुनसान कोनों और झाड़ियों में सघन तलाशी अभियान चलाया। कुछ ही देर में पुलिस ने परिसर के पिछले हिस्से से लावारिस हालत में पड़ा वह बैग बरामद कर लिया। बैग खोलकर जांच करने पर उसमें रखे सोने-चांदी के सभी आभूषण और नकदी पूरी तरह सुरक्षित पाए गए। इसके बाद पुलिस ने आवश्यक दस्तावेजी और पंचनामा कार्रवाई पूरी कर सारा सामान लताबाई को सकुशल सुपुर्द कर दिया। बैग वापस पाकर महिला ने राहत की सांस ली और पुलिस की त्वरित कार्रवाई के प्रति आभार व्यक्त किया।




