मंदसौर (ललित शंकर धाकड़)। हरियाणा पुलिस की अभिरक्षा से दो आरोपी फिल्मी स्टाइल में भाग निकले। घटना मंदसौर जिले के गरोठ क्षेत्र की है, जहां दोनों आरोपियों को 420 के मामले में गिरफ्तार कर हरियाणा ले जाया जा रहा था।

पुलिस वाहन गरोठ के एक पेट्रोल पंप पर पेट्रोल भरवाने के लिए रुका। मौके का फायदा उठाते हुए दोनों आरोपियों ने पुलिसकर्मियों को चकमा दिया और पुलिस की गाड़ी लेकर तेजी से फरार हो गए।

कुछ दूरी चलने के बाद आरोपियों ने पुलिस वाहन एक जगह छोड़ दिया और अंधेरे का सहारा लेते हुए जंगल की ओर भाग निकले। पूरी घटना पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसे देखकर पुलिस हैरान है।

घटना की सूचना मिलते ही हरियाणा पुलिस और गरोठ थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने इलाके में नाकाबंदी कर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया। जंगलों और आसपास के क्षेत्रों में छापेमारी जारी है। पुलिस ने दावा किया है कि दोनों फरार आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई वारदात
पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और उनकी तलाश में जुटी हुई है। इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।